लापता विमान पर ‘आपत्तिजनक’ चुटकुले को लेकर मलेशिया, सिंगापुर ने हास्य कलाकार की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 Jun 2023 09:27 PM
लापता विमान पर ‘आपत्तिजनक’ चुटकुले को लेकर मलेशिया, सिंगापुर ने हास्य कलाकार की आलोचना की
ऑडियो सुनें

कुआलालंपुर. मलेशिया के अधिकारियों ने सिंगापुर में जन्मी उस स्टैंड-अप कॉमेडियन की बृहस्पतिवार को आलोचना की, जिसने अमेरिका में एक कार्यक्रम के दौरान मलेशिया का मजाक उड़ाया और 2014 में मलेशिया एअरलाइंस का विमान लापता होने की घटना को लेकर ‘आपत्तिजनक’ चुटकुला पेश किया.

जोसलिन चिया ने कार्यक्रम में दी गई अपनी प्रस्तुति का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. मलेशिया ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और सिंगापुर के अधिकारियों को तत्काल माफी मांगनी पड़ी. कार्यक्रम में चिया ने मलेशिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए कहा कि 1965 में सिंगापुर से अलग होने के बाद यह देश उनके देश से काफी पीछे रह गया है.

चिया ने यह भी कहा कि मलेशिया के विमान उड़ान भरने लायक नहीं हैं, जिस पर दर्शक स्तब्ध रह गए. आगे चिया ने कहा, “क्यों? मलेशियाई विमान का लापता होना हास्यास्पद नहीं है क्या? कुछ हास्यापाद चीजें जमीन पर नहीं उतर पातीं.” कुआलालंपुर से 239 यात्रियों को बीजिंग ले जा रहा मलेशिया एअरलाइंस का एमएच370 विमान आठ मार्च 2014 को अचानक लापता हो गया था. माना जाता है कि यह विमान सुदूर दक्षिण हिंद प्रशांत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

मलेशिया के विदेश मंत्री जाम्ब्री अब्दुल कादिर ने कहा कि चिया की प्रस्तुति मलेशियाई लोगों और पीड़ितों के परिवारों के प्रति “संवेदनशीलता और सहानुभूति के अभाव को दर्शाती है.” उन्होंने एक बयान में कहा, “इस वीडियो में उन एशियाई देशों के मूल्यों के विपरीत व्यवहार भी स्पष्ट रूप से प्रर्दिशत होता है, जो अपने शिष्टाचार और नैतिकता के लिए जाने जाते हैं.” सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने चिया की प्रस्तुति को लेकर बृहस्पतिवार को ट्विटर पर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि वह चिया की ‘आपत्तिजनक टिप्पणियों’ से हैरत में हैं और उनके (चिया के) विचार सिंगापुर के लोगों के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं.

बालाकृष्णन ने कहा, “हम मलेशिया के परिवारों और दोस्तों के साथ अपने संबंधों को काफी अहमियत देते हैं. हम मलेशिया के लोगों को हुई तकलीफ पर खेद जताते हैं.” वहीं, सिंगापुर के अधिकारियों ने कहा कि चिया अब सिंगापुर की नागरिक नहीं हैं. ‘सिंगापुर स्ट्रेट टाइम्स’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, चिया के पास अब अमेरिका की नागरिकता है. खबर में कहा गया है कि चिया की प्रस्तुति पर छिड़े विवाद के बीच इसका वीडियो उनके कुछ सोशल मीडिया साइट से हटा दिया गया है. हालांकि, यह कुछ वेबसाइट पर अब भी उपलब्ध है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu