मध्य प्रदेश में भाजपा नेता बिसेन के वीडियो पर कांग्रेस-भाजपा के बीच तकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Jun 2023 08:28 PM
मध्य प्रदेश में भाजपा नेता बिसेन के वीडियो पर कांग्रेस-भाजपा के बीच तकरार
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्य प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और सत्तारूढ. भाजपा के बीच उस समय विवाद हो गया जब कांग्रेस ने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें भगवा पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन को एक कार्यक्रम में नाबालिग लड़कियों को कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूते हुए दिखाया गया है.

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बृहस्पतिवार रात को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया और मौजूदा विधायक और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष बिसेन को उनके शर्मनाक कृत्य के लिए फटकार लगाई. विपक्षी दल ने दावा किया कि कथित घटना प्रदेश के बालाघाट जिले में एक कार्यक्रम में हुई.

कांग्रेस ने वीडियो टैग कर लिखा, ”भाजपा विधायक, पूर्व मंत्री और पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन बच्चियों के साथ शर्मनाक हरकत कर रहे हैं. भाजपा नेताओं से बेटी बचाओ.” पूर्व मंत्री द्वारा अनुचित व्यवहार के कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा ने नाबालिग लड़कियों के वीडियो को ट्वीट करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और कानूनी कार्रवाई की मांग की.

भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया, ”शर्म आनी चाहिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी को इस घटिया राजनीति वाले ट्वीट पर. यह बच्चियां उनकी पोती की उम्र की हैं. बिसेन सार्वजनिक रूप से अपनी बच्चियों की तरह उनसे स्नेह से मिल रहे हैं. कांग्रेस की आंखों में ही गंदगी है,सोच में ही गंदगी है,उनके नजरिए में ही गंदगी है. वह कांग्रेस जिसके नेता महिलाओं को आइटम व टंच माल कहते हैं,उसको हर अच्छी सोच में गंदा नजरिया ही दिखता है.”

उन्होंने आगे लिखा, ”इस घटिया हरकत पर इनके (कांग्रेस) खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना चाहिए.” वहीं, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कांग्रेस पर उसकी घृणित मानसिकता के लिए निशाना साधा. मिश्रा ने मीडिया से कहा, ”यह कांग्रेस की घृणित मानसिकता को दर्शाता है. कांग्रेस ने जिस तरह से वीडियो दिखाया है, वह शर्मनाक है. बच्चियों के चेहरे दिखाकर कांग्रेस ने जो उनकी पहचान की है, उसको लेकर विधि विशेषज्ञों से राय लेंगे कि इस पर कांग्रेस के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई हो सकती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu