यूक्रेन के क्रामातोर्स्क में रेस्तरां पर रूसी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 11

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Jun 2023 10:03 PM
यूक्रेन के क्रामातोर्स्क में रेस्तरां पर रूसी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 11
ऑडियो सुनें

कीव. पूर्वी यूक्रेन के एक शहर में मशहूर रेस्तरां पर हुए रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ.कर 11 हो गई है. यूक्रेन के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. क्रामातोर्स्क में मंगलवार शाम को हुए हमले में कम से कम 61 लोग घायल भी हुए हैं. रूसी मिसाइल एक स्थानीय रेस्तरां पर गिरी जिसमें ज्यादातर पत्रकार, सहायताकर्मी और अभियान के लिए क्रामातोर्स्क को सैन्य अड्डे के रूप में इस्तेमाल करने वाले सैनिक आते थे. क्रामातोर्स्क शहर अग्रिम मोर्चा से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं. महा अभियोजक एंड्री कोस्तिन ने कहा कि गोलाबारी उस वक्त हुई जब लोग अपने काम से लौट रहे थे. उन्होंने कहा कि मारे गए बच्चों की उम्र 14 और 17 वर्ष के बीच है. क्रामातोर्स्क शहर परिषद के शिक्षा विभाग ने बताया कि मिसाइल हमले में 14 वर्ष की दो बहनें मारी गईं तथा 17 वर्षीय एक किशोर भी मारा गया. यूक्रेन की आधिकारिक आपदा सेवा ने कहा कि बचावकर्मी घटनास्थल से लगातार मलबा हटा रहे हैं और घटना में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

क्षेत्रीय गवर्नर पावलो कीरीलेन्को ने बताया कि हमले में 18 बहुमंजिला इमारतें, 65 मकान, पांच स्कूल, दो किंडरगार्टन, एक शॉपिंग सेंटर, एक प्रशासनिक इमारत और एक मनोरंजन केंद्र को भी नुकसान पहुंचा है. यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि उसने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. यह व्यक्ति एक स्थानीय गैस परिवहन कंपनी में काम करता है और रेस्तरां पर हमले के बारे में उस पर निर्देश दिए जाने का संदेह है.

सुरक्षा सेवा ने एक टेलीग्राम पोस्ट में बताया कि उस व्यक्ति ने रूसियों के लिए रेस्तरां की एक फिल्म बना कर इसकी लोकप्रियता के  बारे में बताया था. हालांकि सुरक्षा सेवा ने अपने इस दावे के संबंध में कोई प्रमाण नहीं दिये. यूक्रेन ने इस महीने की शुरुआत में अपने बहुप्रतीक्षित जवाबी हमले के प्रारंभिक चरण की शुरुआत की और बेहद कम क्षेत्रों पर जीत हासिल की. यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को घोषणा की कि यूक्रेन के सैनिक सभी दिशाओं में आगे बढ.े हैं. रूस ने यूक्रेन में अपना हवाई अभियान तेज कर दिया है जबकि लड़ाई अग्रिम मोर्चे पर जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu