एएमपीएएस के लिए ‘आरआरआर’ के कलाकारों, मणिरत्नम और करण जौहर को किया गया आमंत्रित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Jun 2023 08:10 PM
एएमपीएएस के लिए ‘आरआरआर’ के कलाकारों, मणिरत्नम और करण जौहर को किया गया आमंत्रित
ऑडियो सुनें

लॉस एंजिलिस. अभिनेता राम चरण, जूनियर एनटीआर, संगीतकार एम.एम. कीरावनी, फिल्म निर्माता मणिरत्नम और करण जौहर सहित 398 हस्तियों को ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ (एएमपीएएस) का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के गीतकार चंद्रबोस को भी निमंत्रण भेजा गया है. फिल्म के सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंथिल कुमार और प्रोडक्शन डिजाइनर साबू सिरिल को भी आमंत्रित किया गया है.

तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीता था. ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ (एएमपीएएस) के लिए आमंत्रित किए गए लोगों की 2023 की सूची में भारतीयों का बोलबाला है. निर्देशक शौनक सेन, फिल्म निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर और लेखक चैतन्य तम्हाने को भी निमंत्रण भेजे गए हैं.

फिल्म जगत के अलावा उत्पादन एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से गिरीश बालाकृष्णन तथा क्रांति सरमा, विजुअल इफेक्ट्स कलाकार हरेश हिंगोरानी तथा पीसी सनथ, फिल्म कार्यकारी शिवानी रावत और सऊदी अरब के ‘रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ की प्रबंधक निदेशक शिवानी पंड्या मल्होत्रा को भी आमंत्रित किया गया है.

एएमपीएएस के अनुसार, 2023 के लिए आमंत्रित किए गए लोगों में 40 प्रतिशत महिलाएं और 34 प्रतिशत कम प्रतिनिधित्व वाले जातीय/नस्लीय समुदायों के लोग शामिल हैं. आमंत्रित लोगों में से 52 प्रतिशत अमेरिका के बाहर के 50 देशों तथा क्षेत्रों से हैं. आमंत्रित लोगों में 22 विजेताओं सहित 76 ऑस्कर के लिए नामांकित लोग शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu