पाकिस्तान में ईद की नमाज के दौरान 17 कैदी जेल से फरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 30 Jun 2023 08:27 PM
पाकिस्तान में ईद की नमाज के दौरान 17 कैदी जेल से फरार
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत की चमन जेल से बकरीद की नमाज के दौरान 17 कैदी फरार हो गए जबकि एक कैदी की जेल के सुरक्षार्किमयों द्वारा चलायी गयी गोली लगने से मौत हो गई. बलूचिस्तान के कारागार महानिरीक्षक मलिक शुजा कासी ने बताया कि हिंसा और गोलीबारी में कुछ पुलिस गार्ड और कैदी घायल भी हुए हैं.

कासी ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है जब जेल परिसर के भीतर खुले स्थान में बकरीद की नमाज पढ़ी जा रही थी. उन्होंने बताया, ”इन कैदियों ने जेल से भागने की योजना बनायी थी और बकरीद की नमाज के दौरान उसे अंजाम दिया. बकरीद की नमाज के लिए जब उन्हें बैरकों से बाहर निकलने दिया गया तो उन्होंने पुलिस गार्ड पर हिंसक तरीके से हमला कर दिया.” कासी ने कहा कि इसी हंगामे और हिंसा के दौरान जेल के सुरक्षार्किमयों द्वारा चलायी गई गोली लगने से एक कैदी की मौत हो गई जबकि 17 अन्य भागने में सफल रहे.

उन्होंने बताया, ”ऐसा लगता है कि जेल से सफलतापूर्वक भागने में उन्हें बाहरी मदद मिली है.” कासी ने बताया कि भागने वाले कैदियों की सूची तैयार की गई है और उनमें से कुछ आतंकवादी गतिविधियों के सिलसिले में जेल में बंद थे. गौरतलब है कि चमन जेल ईरान की सीमा के पास स्थित है और सुरक्षा बलों को डर है कि कैदियों ने अपने साथियों की मदद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर ली होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu