चंद्रशेखर आजाद पर हमला मामले में चार संदिग्ध हिरासत में, गिरफ्तारी न होने से समर्थक नाराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 30 Jun 2023 09:45 PM
चंद्रशेखर आजाद पर हमला मामले में चार संदिग्ध हिरासत में, गिरफ्तारी न होने से समर्थक नाराज
ऑडियो सुनें

सहारनपुर/अमेठी/लखनऊ. भीम आर्मी प्रमुख एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद पर बुधवार को हुए जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. वहीं आजाद पर हुए हमले के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं होने से उनके समर्थकों में खासा रोष है.

सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चन्द्रशेखर के साथी मनीष कुमार की तहरीर पर कार सवार अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्­होंने बताया कि पुलिस ने चार संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है. पुलिस की कई टीम जांच कर रही हैं और बहुत जल्दी ही हमलावर सलाखों के पीछे होंगे.

वहीं आजाद समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं मीडिया प्रभारी डॉक्टर अजय गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”घटना के 72 घंटे बीतने पर भी पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है जिससे समर्थकों में नाराजगी है.” गौतम ने बताया कि आजाद के निवास पर चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं, सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किये गये हैं.

उन्होंने बताया कि आगामी तीन जुलाई को सहारनपुर में महापंचायत होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर उतरकर जेल भरो आंदोलन करेंगे.
गौरतलब है कि आजाद पर बुधवार शाम को देवबंद में कार सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था,जिसमें वह घायल हो गए थे.

भीम आर्मी प्रमुख आजाद को फेसबुक पर धमकी देने के मामले में युवक गिरफ्तार

भीम आर्मी के प्रमुख एवं आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को कथित तौर पर ‘क्षत्रिय ऑफ अमेठी’ नाम के फेसबुक पेज पर जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में आजाद पर बुधवार शाम जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह घायल हो गए थे . पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई कार बुधवार रात सहारनपुर जिले के मिरगपुर गांव से बरामद कर ली गई है. कार का नंबर प्लेट हरियाणा का है.

‘क्षत्रिय ऑफ अमेठी’ नाम के फेसबुक पेज पर आजाद को जान से मारने की धमकी मामले पर संज्ञान लेते हुए गौरीगंज पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कानून के तहत पुलिस ने एक मामला दर्ज किया था.
अमेठी के पुलिस अधीक्षक इलामारन जी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अमेठी के बसंतपुर गांव के विमलेश सिंह (30) के खिलाफ मामला दर्ज कर बृहस्पतिवार की शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

बयान के मुताबिक प्रथम दृष्टया विमलेश सिंह का सहारनपुर में भीम आर्मी प्रमुख पर हुए हमले की घटना से संबंध नहीं पाया गया है. शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए विमलेश सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की गयी . गौरतलब है कि ‘क्षत्रिय ऑफ अमेठी’ नाम के फेसबुक पेज पर छह दिन पूर्व एक पोस्ट में आजाद को धमकी दी गई थी. इसी पेज पर बृहस्पतिवार को भी आजाद को धमकी देने वाला एक पोस्ट डाला गया था.

इसबीच सहारनपुर जिला चिकित्सालय से छुट्टी मिलने पर पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने बृहस्­पतिवार को कहा कि वह बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनका रक्तचाप स्थिर है. उन्होंने कहा, “मैं दर्द कम करने की दवा ले रहा हूं और उम्मीद है कि अगले दो-तीन दिनों में ठीक हो जाऊंगा.” उन्होंने आरोप लगाया, ”इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कुछ न बोलना यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में अपराध को संरक्षण दे रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu