मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार के उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद कहा कि राज्य अब एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्रियों के साथ विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा.
राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजित पवार के बारे में शिंदे ने कहा, ” विकास की राजनीति का विकास पुरुष द्वारा समर्थन किया जा रहा है. जब एक काबिल पार्टी कार्यकर्ता को दोयम दर्जे की भूमिका मिलती है, तो ऐसी चीजें होती हैं.” शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ”अब डबल इंजन की सरकार ट्रिपल इंजन की हो गई है. अब राज्य (विकास की राह पर) तेजी से आगे बढ़ेगा. अब हमारे पास एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री हैं. इससे राज्य का तेजी से विकास करने में मदद मिलेगी.”