खम्मम में राहुल गांधी की रैली में लोगों को शामिल होने से रोक रही पुलिस, सरकार: कांग्रेस

हैदराबाद. कांग्रेस की तेलंगाना इकाई ने रविवार को आरोप लगाया कि पुलिस और राज्य सरकार पार्टी के नेता राहुल गांधी की खम्मम में रैली में शामिल होने जा रहे लोगों के लिए बाधा उत्पन्न कर रही है. पार्टी ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं के इशारे पर ऐसा किया जा रहा है. वहीं, पुलिस ने इन दावों से इनकार किया है.

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष और सांसद ए रेवंत रेड्डी ने इस मुद्दे पर राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार से बात की है. पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी ने पुलिस को आड़े हाथ लेते हुए दावा किया कि सत्तारूढ़ बीआरएस इस रैली को लेकर परेशान है. कांग्रेस विधायक डी श्रीधर बाबू ने आरोप लगाया कि स्थानीय बीआरएस नेतृत्व रैली को असफल करने की कोशिश के तहत अलोकतांत्रिक तरीके से कार्य कर रहा है.

वहीं, खम्मम के पुलिस आयुक्त विष्णु एस. वारियर ने दावा किया कि खम्मम में कांग्रेस पार्टी की जनसभा के लिए लोगों को ले जा रहे वाहनों को रोककर पुलिस द्वारा बाधा उत्पन्न किये जाने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है. उन्होंने एक विज्ञप्ति में कहा कि जिले में यातायात परिवर्तन के अलावा कहीं पर कोई जांच चौकी नहीं लगाई गई है.

अधिकारी ने आगे कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिये झूठे आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए, अगर इस तरह का झूठा अभियान चलाया जा रहा है, तो कार्रवाई की जाएगी. उल्लेखनीय है कि साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगूल फूंकने के वास्ते हैदराबाद से करीब 200 किलोमीटर दूर खम्मम में कांग्रेस की जनसभा हो रही है. यह रैली कांग्रेस विधायक दल के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क की ‘पदयात्रा’ के समापन पर हो रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button