ग्रेटर नोएडा पुलिस ने पाकिस्तानी महिला और उसके चार बच्चों को पकड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jul 2023 09:26 PM
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने पाकिस्तानी महिला और उसके चार बच्चों को पकड़ा
ऑडियो सुनें

नोएडा.गौमतबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रही पाकिस्तानी महिला और उसके चार बच्चों को पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि महिला और उसके बच्चों को स्थानीय व्यक्ति सचिन ने आश्रय दिया जिसकी ऑनलाइन पबजी गेम के माध्यम से उससे मुलाकात हुई थी.

पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) साद मिया खान ने कहा, ”पाकिस्तानी महिला और स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. महिला के चार बच्चे भी पुलिस हिरासत में हैं.” नोएडा पुलिस ने महिला और उसके बच्चों को हरियाणा के पलवल से पकड़ा. अधिकारी ने बताया कि पबजी गेम के साथी के प्यार में नेपाल के रास्ते चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से भारत आई युवती की उम्र 30 साल से कम है.

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला का नाम कथित तौर पर सीमा हैदर बताया जा रहा है. फिहलहाल महिला से नोएडा पुलिस और गुप्तचर एजेंसी गहनता से पूछताछ कर रही हैं. अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा क्षेत्र में स्थित एक परचून की दुकान पर नौकरी करने वाले सचिन की पबजी गेम के माध्यम से पाकिस्तान के कराची की रहने वाली सीमा गुलाम हैदर से दोस्ती हो गई.

उन्होंने कहा कि महिला नेपाल के रास्ते चार बच्चों के साथ भारत आई तथा प्रेमी सचिन के साथ लगभग डेढ़ माह से ग्रेटर नोएडा में रह रही थी. सचिन की ऑनलाइन पहचान वर्ष 2020 में हुई थी. पुलिस ने बताया कि डेढ़ माह पहले हैदर विमान के जरिये पाकिस्तान से काठमांडू पहुंची और वहां से सड़क मार्ग के जरिये रबूपुरा पहुंच गई.

सचिन ने कमरा किराये पर लेकर पाकिस्तानी महिला और उसके बच्चों के साथ रह रहा था. पुलिस ने रबूपुरा स्थित उसके घर से कुछ सामान अपने कब्जे में लिया है. पुलिस अधिकारी इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं भारतीय युवक को हनीट्रैप में फंसाकर देश की अहम जानकारी हासिल करने के लिए तो वह भारत नहीं आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu