
मुंबई. रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म “एनिमल” की रिलीज “गुणवत्ता” कारणों के चलते चार महीने टाल दी गई है. फिल्म निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने सोमवार को यह जानकारी दी. पहले यह फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होनी थी, लेकिन अब यह एक दिसंबर को देशभर में पांच भाषाओं हिन्दी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में पर्दे पर आएगी. “एनिमल” की रिलीज की तारीख में बदलाव करने से फिल्म का “ओएमजी2” और “गदर 2” से टकराव टल गया है. अब यह फिल्म “सैम बहादुर” के साथ रिलीज होगी.
तेलुगू फिल्म “अर्जुन रेड्डी” और इसके हिन्दी संस्करण “कबीर सिंह” के लिए र्चिचत वांगा ने “एनिमल” की रिलीज तारीख में बदलाव की जानकारी ट्विटर पर दी. निर्देशक ने एक वीडियो बयान में कहा कि “एनिमल” जैसी फिल्म को पूरे भारत में रिलीज करने के लिए व्यापक पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य की आवश्यकता होती है.
उन्होंने कहा, “यह एक सामान्य सा कारण लग सकता है लेकिन तथ्य यही है गुणवत्ता की वजह से यह फैसला लिया गया है. उदाहरण के लिए, फिल्म में सात गीत हैं. जब सात गीतों को पांच भाषाओं में तैयार किया जाता है, तो ये 35 गीत बन जाते हैं. 35 गीत, अलग-अलग बोल और अलग-अलग गायक. इसमें, जितना मैंने तय किया था, उससे थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है. मुझे देर से (इसका) अहसास हुआ, वरना मैं फिल्म का प्री-टीजर रिलीज न करता.” फिल्म का प्री-टीजर 11 जून को रिलीज किया गया था.
वांगा ने कहा, “इसके लिए हम समय ले रहे हैं. कोई और कारण नहीं है. हमें एक दिसंबर की तारीख सही लगी. मैं बस यही वादा कर सकता हूं कि हम वीडियो, ऑडियो और हर चीज के लिहाज से एक दिसंबर को बढि.या गुणवत्ता के साथ फिल्म रिलीज करेंगे.” ”एनिमल” फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा, अनिल कपूर, बॉबी देओल और रश्मिका मंदाना ने भी अभिनय किया है. फिल्म का निर्माण टी-सीरीज, सिने1 स्टूडियो और भद्रकाली पिक्चर्स ने किया है.



