शरद पवार ने जो बोया, वही काट रहे हैं : भाजपा नेता गिरीश महाजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jul 2023 09:35 PM
शरद पवार ने जो बोया, वही काट रहे हैं : भाजपा नेता गिरीश महाजन
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गिरीश महाजन ने सोमवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने जो बोया है, वही काट रहे हैं. राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने एकनाथ शिंदे-नीत महाराष्ट्र सरकार में रविवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वहीं पार्टी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी. इसे राकांपा के संस्थापक शरद पवार के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है. शरद पवार ने 24 वर्ष पहले राकांपा की स्थापना की थी.

महाजन ने यहां पत्रकारों से कहा, ”मैंने सुना कि शरद पवार इसे (रविवार के घटनाक्रम को) लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का अपमान करार दे रहे हैं. उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक बताया है.” शरद पवार द्वारा 1978 में राज्य में वसंतदादा पाटिल की सरकार गिराए जाने का जिक्र करते हुए महाजन ने कहा, ”वह दोहरे मापदंड नहीं अपना सकते. उन्होंने जो बोया है, वही काट रहे हैं. जब वह ऐसी चीजें करते हैं तो यह लोकतांत्रिक है. अजित पवार समेत उनके विधायकों ने उन्हें छोड़ दिया है. हम उनके (पवार) राज्यव्यापी दौरे के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.” राकांपा (अजित गुट) के शामिल होने के बाद विभागों के बंटवारे के बारे में पूछे जाने पर महाजन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का विशेषाधिकार है.

उन्होंने कहा, ”अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, (छगन) भुजबल और अन्य नेताओं ने फडणवीस से मुलाकात की. वे इस पर चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे.” राकांपा नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाने और फिर उनसे हाथ मिलाने को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर तंज कसे जाने से जुड़े सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप राजनीति का हिस्सा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu