‘ह्यूलेट पैकार्ड ने भारत में एक अरब डॉलर के सर्वर बनाने का किया करार: वैष्णव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 08:48 PM
‘ह्यूलेट पैकार्ड ने भारत में एक अरब डॉलर के सर्वर बनाने का किया करार: वैष्णव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिकी हार्डवेयर विनिर्माता कंपनी ‘ह्यूलेट पैकार्ड एंटरप्राइजेज (एचपीई) ने वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज के साथ मिलकर अगले चार-पांच साल में एक अरब डॉलर मूल्य के अत्याधुनिक सर्वर के उत्पादन का शुरुआती करार किया है. सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को इस समझौते की जानकारी देते हुए कहा कि हाल ही में अनुमोदित आईटी हार्डवेयर पीएलआई योजना के तहत एचपी एंटरप्राइजेज भारत में उन्नत किस्म के सर्वर के उत्पादन पर सहमत हो गई है.

उन्होंने कहा, ”उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत एचपी ने वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. दोनों कंपनियां साथ में मिलकर अगले चार-पांच साल में एक अरब डॉलर मूल्य के सर्वर का उत्पादन करेंगी.” उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत सर्वर का उत्पादन इसी साल नवंबर से शुरू हो जाने की संभावना है.

यह समझौता केंद्र सरकार की पीएलआई योजना के तहत संपन्न हुआ है जिसके लिए पांच वर्षों के भीतर 17,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि आवंटित की गई है. प्रौद्योगिकियों के विकास एवं सह-उत्पादन के संबंध में भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य जारी होने के दस दिन के भीतर अमेरिकी हार्डवेयर विनिर्माता एचपी और वीवीडीएन के बीच यह समझौता हुआ है.

एचपीई इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सोम सतसंगी और वीवीडीएन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुनीत अग्रवाल ने वैष्णव से मुलाकात कर इस समझौते से जुड़े ब्योरे को साझा किया. एचपी एंटरप्राइजेज ने अलग से जारी एक बयान में कहा कि भारत से उत्पादन शुरू होने के पहले पांच वर्षों में उसकी एक अरब डॉलर मूल्य के सर्वर का विनिर्माण करने की योजना है.

अमेरिकी कंपनी के अध्यक्ष एवं सीईओ एंटोनियो नेरी ने कहा कि एचपीई के लिए भारत कारोबार, प्रतिभा, नवोन्मेष और अब विनिर्माण के लिए भी एक रणनीतिक बाजार है. उन्होंने कहा, “हमें इस महत्वपूर्ण देश में विनिर्माण गतिविधि संचालित कर अपनी मजबूत उपस्थिति को सशक्त करने का गर्व है.” एचपीई के अमेरिका के बाहर सबसे ज्यादा कर्मचारी भारत में ही कार्यरत हैं. उसके करीब 14,000 कर्मचारी भारतीय परिचालन में लगे हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu