अमेरिका: फिलाडेल्फिया में बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर पांच लोगों को मार डाला, गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 10:06 PM
अमेरिका: फिलाडेल्फिया में बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी कर पांच लोगों को मार डाला, गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

फिलाडेल्फिया. अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में सोमवार रात को ‘बुलेफप्रूफ जैकेट’ पहने एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने के बाद हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस आयुक्त डेनियल आउटलॉ ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह गोलीबारी किंगसेसिंग शहर की कुछ गलियों में हुई. अधिकारियों ने लगातार गोली चला रहे संदिग्ध हमलावर का पीछा किया और आत्मसमर्पण करने के बाद उसे एक गली से गिरफ्तार कर लिया.

आउटलॉ ने कहा, ” ईश्वर का शुक्र है कि हमारे अधिकारी घटनास्थल पर थे और उन्होंने जल्द से जल्द प्रतिक्रिया दी. जिस साहस का उन्होंने प्रदर्शन किया उसे मैं बयां नहीं कर सकती. ” उन्होंने कहा कि पीड़ितों तथा बंदूकधारी के बीच फिलहाल किसी तरह के संबंध का पता नहीं चला है. उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने ‘बुलेटप्रूफ जैकेट’ पहन रखी थी, उसके पास कई मैगजीन, एक ‘एआर-टाइप राइफल’, एक हैंडगन और एक पुलिस स्कैनर था.

उन्होंने कहा कि किंगसेसिंग शहर से गोलीबारी की विभिन्न कॉल मिलने के बाद रात करीब 8.30 बजे अधिकारियों को मौके पर भेजा गया. ऑउट ला ने कहा कि पुलिस को गोलीबारी के कुछ पीड़ित मिले और उन्होंने उनकी सहायता की जबकि इस दौरान गोलियां चलने की और आवाज सुनी गई.

संदिग्ध हमलावर की आयु 40 वर्ष बतायी जा रही है. ऑउटलॉ ने बताया कि एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जो संदिग्ध पर गोली चला सकता था, लेकिन पुलिस को नहीं पता है कि इन दोनों व्यक्तियों के बीच संबंध है या नहीं. आउटलॉ ने बताया कि तीन मृतक पुरुषों की उम्र 20 से 59 वर्ष के बीच है, चौथे मृतक व्यक्ति की उम्र 16 से 21 साल के बीच है पर इसकी पहचान नहीं हो सकी है. अपने घर में पाए गए पीड़ित की उम्र 31 साल थी.

अस्पताल में भर्ती दो लड़कों की उम्र दो तथा 13 साल है, लेकिन उनकी हालत स्थिर है. उनका हमलावर तथा पीड़ितों से कोई संबंध नहीं दिखायी दे रहा है. अधिकारियों के अनुसार, इस घटना से एक दिन पहले बाल्टीमोर में गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि 28 अन्य लोग घायल हुए थे. आंकड़ों के अनुसार, फिलाडेल्फिया में गोलीबारी देश में इस साल सामूहिक गोलीबारी की 29वीं घटना है.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu