काजोल, कृति सेनन नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘दो पत्ती’ में आएंगी नजर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jul 2023 07:09 PM
काजोल, कृति सेनन नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘दो पत्ती’ में आएंगी नजर
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म ‘दिलवाले’ में साथ काम करने के करीब आठ साल बाद काजोल और कृति सेनन अब नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘दो पत्ती’ में साथ नजर आएंगी. ‘ओवर द टॉप’ (ओटीटी) मंच नेटफ्लिक्स ने बुधवार को यह घोषणा की. फिल्म का निर्माण ‘कथा पिक्चर्स’ और ‘ब्लू बटरफ्लाई’ के बैनर तले किया जाएगा. लेखिका कनिका ढिल्लों ने हाल ही में निर्माण कंपनी ‘कथा पिक्चर्स’ की स्थापना की थी और इस फिल्म के साथ वह निर्माण जगत में कदम रख रही हैं.

उन्होंने कहा, ”बतौर निर्माता एक नई शुरुआत करने को उत्सुक हूं. ‘दो पत्ती’ की कहानी बांधकर रखने वाली और एक लेखिका के तौर पर मेरे दिल के बेहद करीब है.” नेटफ्लिक्स के अनुसार, फिल्म ‘दो पत्ती’ उत्तर भारत के पहाड़ों की रहस्य और रोमांच से भरपूर एक मनोरम कहानी है. काजोल ने कहा, ”’दो पत्ती’ की कहानी बेहतरीन है, जो रोमांच तथा रहस्य से भरी है.” उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी कहानी है, जो न केवल भारत, बल्कि दुनिया भर में लोगों को पसंद आएगी.

वहीं कृति सेनन ने कहा कि वह कनिका ढिल्लों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं, जो बतौर निर्माता अपनी नई पारी की शुरुआत कर रही हैं. नेटफ्लिक्स का साथ इसे और दिलचस्प बना देता है. उन्होंने कहा, ”काजोल (मैम) हमारी महिला शक्ति में और इजाफा कर रही हैं. करीब आठ साल बाद उनके साथ फिर काम करने को लेकर काफी उत्साहित हूं.” नेटफ्लिक्स इंडिया के ‘कंटेंट’ (सामग्री) की उपाध्यक्ष मोनिका शेरगिल ने कहा कि ओटीटी मंच काजोल, सेनन और ढिल्लों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित है. ‘ओवर द टॉप’ (ओटीटी) मंच पर इंटरनेट के माध्यम से फिल्म व अन्य डिजिटल सामग्री (कंटेंट) उपलब्ध कराई जाती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu