भाजपा को पंजाब में आप के एकमात्र विकल्प के रूप में स्थापित करना मेरी प्राथमिकता: जाखड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jul 2023 07:24 PM
भाजपा को पंजाब में आप के एकमात्र विकल्प के रूप में स्थापित करना मेरी प्राथमिकता: जाखड़
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बुधवार को कहा कि लोकतंत्र में लोगों का विश्वास बहाल करने और पंजाब में भाजपा को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) एकमात्र विकल्प के रूप में स्थापित करने पर उनका मुख्य जोर रहेगा.

भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जाखड़ ने दावा किया, ”कर्ज के बढ़ते बोझ और कानून व्यवस्था की खराब होती स्थिति के साथ पंजाब आज बहुत दयनीय स्थिति में है.” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे पंजाब में भय का माहौल है और राज्य में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित महसूस नहीं करता.

पिछले साल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जाखड़ ने कहा, ”आम आदमी पार्टी को जनादेश देने वाले लोग आज ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भाजपा ही पंजाब में एकमात्र ‘विश्वसनीय विकल्प’ है क्योंकि कांग्रेस सहित अन्य सभी विपक्षी दलों के पास लोगों की आवाज उठाने की न तो ‘क्षमता’ है और न ही ‘आत्मविश्वास’.

जाखड़ ने आरोप लगाया, ”तथाकथित मान्यता प्राप्त विपक्षी दल कांग्रेस, आप सरकार के सामने झुक गई है.” भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उन्हें (कांग्रेस नेताओं को) आंखों में आंख डालकर बात करने की चुनौती देते हैं, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकते क्योंकि आप नेता कहते हैं कि उनके पास हर किसी का हिसाब है और वे उनको सलाखों के पीछे डाल देंगे.

भाजपा की पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद जाखड़ ने पहली बार नड्डा से मुलाकात की. जाखड़ ने कहा, ”मेरी पहली प्राथमिकता पंजाब में लोकतंत्र और राजनीति में लोगों का विश्वास बहाल करना है, जहां अराजकता का माहौल है और लोगों को यह बताना है कि भाजपा उनके पक्ष में खड़े होने और उनके हित में काम करने के लिए है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu