श्रीनगर/किश्तवाड़/जम्मू. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े एक आतंकवादी के सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर जिले में करीरी इलाके के नौपोरा जागीर गांव में आतंकवादियों की आवाजाही के संबंध में मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया.
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ने सुरक्षा बलों को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया. प्रवक्ता ने बताया कि व्यक्ति की पहचान नौपोरा जागीर निवासी मोहम्मद सिद्दीक लोन के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री, पिस्तौल और तीन कारतूस समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है.
प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, लोन ने खुलासा किया कि वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी के सहयोगी के रूप में काम कर रहा था और सोपोर के सक्रिय आतंकवादी आदिल दांतू और पाकिस्तान के आतंकवादी उस्मान भाई के संपर्क में था. उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है..
एसआईयू ने किश्तवाड़ में आतंकवादियों के ठिकानों पर छापा मारा
जम्मू कश्मीर पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने आतंकवाद के वित्तपोषण के एक मामले में बुधवार को किश्तवाड़ जिले में छह जगहों पर आतंकवादियों के घरों पर छापा मारा. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खलील पोसवाल ने कहा कि किश्तवाड़. जिले में जिन घरों पर किश्तवाड़ पुलिस की एसआईयू ने छापेमारी की, वे उन आतंकवादियों के हैं, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान से आतंकवादी गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में एसआईयू के छह दलों द्वारा छापेमारी की गई. पोसवाल ने कहा कि छापेमारी दल में एक मजिस्ट्रेट भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि घरों पर छापेमारी के लिए जम्मू में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक अदालत से इन घरों की तलाशी के लिए वारंट लिया गया था.
उन्होंने कहा कि छापेमारी द्वाथर सिंघपुरा के मंजूर अहमद उर्फ ताहिर इंकलाबी, बेघपुरा सिंघपुरा के नजीर अहमद उर्फ शाहीन, सेवा चतरू के शबीर अहमद उर्फ जुनैद, डेलार चतरू के मोहम्मद इकबाल ऋषि उर्फ मुजमिल अंसारी, चिंगम के मोहम्मद अमीन भट्ट और किश्तवाड़ के मोहम्मद इकबाल उर्फ बिलाल के घरों पर की गई. एसएसपी ने बताया कि ये सभी पीओके और पाकिस्तान से गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि छापेमारी में जुटाए गए सबूतों की जांच की जाएगी ताकि ये पता लगाया जा सके कि कहीं ये लोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों और किसी आतंकवादी कृत्य में संलिप्त तो नहीं हैं. भाषा जितेंद्र देवेंद्र