भाजपा ने ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाई, जिससे शिवसेना और राकांपा में विभाजन हुआ : संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jul 2023 10:11 PM
भाजपा ने ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाई, जिससे शिवसेना और राकांपा में विभाजन हुआ : संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अभी हाल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और पिछले साल महाराष्ट्र में शिवसेना में विभाजन कराने की साजिश रची है.

संजय राउत ने राकांपा नेता अजित पवार के शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी से अलग होने के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन फिर भी महाराष्ट्र में मजबूती से आगे बढ़ेगा. भाजपा के मुखर आलोचक राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शरद पवार से फोन पर बात की, जबकि कांग्रेस नेताओं ने राकांपा में विभाजन के बाद अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए मंगलवार को शरद पवार से मुलाकात की.

राउत ने भाजपा के लिए ‘दिल्ली का सुल्तान’ विशेषण का इस्तेमाल करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा राजनीतिक खेल का आनंद ले रही है, जबकि राज्य में सबसे प्रभावशाली सामाजिक समूह मराठा आपस में लड़ रहे हैं. संजय राउत ने कहा, ” फूट डालो और राज करो भाजपा की नीति है. उन्होंने शिव सेना में फूट डाल दी और एक परिवार जैसी पार्टी को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर दिया गया. अजित पवार को शरद पवार के खिलाफ खड़ा किया गया है. फूट डालो और राज करो अंग्रेजों की नीति थी. ”

गौरतलब है कि राकांपा में रविवार को विभाजन हो गया और अजित पवार 40 से अधिक विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए महाराष्ट्र में शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सरकार में शामिल हो गए. रविवार को अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री और राकांपा के आठ अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. अजित पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल के साथ असली राकांपा होने का दावा किया है. उल्लेखनीय है कि पिछले साल शिवसेना में भी उस समय विभाजन हो गया था जब एकनाथ शिंदे ने तीन दर्जन से अधिक विधायकों के साथ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu