मैक्रों से वार्ता को उत्सुक, इससे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jul 2023 07:33 PM
मैक्रों से वार्ता को उत्सुक, इससे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी: मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह दो दिवसीय पेरिस दौरे के दौरान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से वार्ता करने को लेकर उत्सुक हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह वार्ता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी. प्रधानमंत्री ने यह बात फ्रांस के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार इमैनुएल बोन से मुलाकात के बाद कही. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर जारी एक बयान में इस मुलाकात की जानकारी दी गई.

बयान में कहा गया कि बोन ने प्रधानमंत्री की आगामी फ्रांस यात्रा के संदर्भ में द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में मोदी को जानकारी दी. प्रधानमंत्री मोदी 14 जुलाई को पेरिस में होने वाली बैस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी अपने फ्रांसीसी समकक्षों के साथ भाग लेगी.

फ्रांस ने इसी साल मार्च महीने में प्रधानमंत्री मोदी को जुलाई में वार्षिक बैस्टिल डे परेड में अतिथि के रूप में पेरिस आने के लिए आमंत्रित किया था. यह फ्रांस का राष्ट्रीय दिवस है, जिसे बैस्टिल डे के रूप में भी जाना जाता है. यह हर साल 14 जुलाई को मनाया जाता है.

बयान में कहा गया कि मोदी ने बैस्टिल दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेने के निमंत्रण के लिए राष्ट्रपति मैक्रों का आभार व्यक्त किया. पीएमओ ने कहा, ”हिरोशिमा में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ अपनी हालिया बैठक को याद करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह पेरिस में उनकी बातचीत जारी रखने के लिए उत्सुक हैं, जो भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu