बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के समझाने के बाद तमीम ने संन्यास का फैसला लिया वापस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 08:08 PM
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के समझाने के बाद तमीम ने संन्यास का फैसला लिया वापस
ऑडियो सुनें

चटगांव. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने के एक दिन बाद तमीम इकबाल ने प्रधानमंत्री शेख हसीना के समझाने के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की घोषणा की. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृखंला में टीम की अगुआई कर रहे 34 वर्षीय तमीम ने बुधवार को यहां बांग्लादेश के पहला मैच गंवाने के बाद संन्यास की घोषणा कर दी थी.

‘क्रिकबज’ के अनुसार तमीम ने कहा, ”आज दोपहर प्रधानमंत्री ने मुझे अपने घर में आमंत्रित किया. उन्होंने मुझे समझाया और फिर से खेलने के लिए कहा, इसलिये मैंने इस वक्त संन्यास से वापसी करने का फैसला किया है. ” उन्होंने कहा, ”मैं सभी को ‘ना’ कह सकता हूं लेकिन प्रधानमंत्री को ‘ना’ कहना मेरे लिए असंभव था. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पापोन (नजमुल हसन) भाई, मशरफी (मुर्तजा) भाई भी अहम कारक रहे. मशरफी भाई ने मुझे यहां बुलाया और पापोन भाई भी यहां मेरे साथ थे. ” तमीम ने कहा, ”प्रधानमंत्री ने मुझे मेरे उपचार के लिए डेढ़ महीना दिया है. मानसिक रूप से मुक्त होने के बाद मैं बाकी के मैच खेलूंगा. ” इकबाल ने अपने 16 वर्ष के क्रिकेट करियर में 70 टेस्ट में 5,134 रन बनाये जिसमें 10 शतक और एक दोहरा शतक शामिल है.

वनडे क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के तौर पर उनकी काबिलियत शानदार रही जिसमें उन्होंने 241 मैचों में 8,313 रन बनाये है जिसमें 14 शतक जड़े थे जो बांग्लादेश के लिए किसी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा सैकड़े भी हैं. वह मौजूदा क्रिकेटरों में तीसरे सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी भी हैं जिसमें वह विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद शामिल हैं.

इकबाल ने अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण 2007 में किया था और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15,000 रन बनाये जिसमें 25 शतक और 94 अर्धशतक शामिल हैं. इकबाल ने पिछले साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था और उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट अप्रैल में आयरलैंड के खिलाफ खेला था. बोर्ड अध्यक्ष नजमुल ने कहा, ”मुझे लगता है कि उसने यह फैसला भावना में बहकर लिया था. उसका संन्यास से वापसी का फैसला निश्चित रूप से बड़ी राहत देने वाला है. अगर हमारे पास कप्तान नहीं होगा तो हम कैसे खेल सकते हैं? ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu