कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आज पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. कुल 63,229 ग्राम पंचायत सीटों के साथ 9,730 पंचायत समिति सीटों और 928 ज़िला परिषद सीटों पर चुनाव हो रहा है. सुबह से पोलिंग बूथ पर लोगों की भीड़ है. हालांकि अलग-अलग जगहों से तोड़-फोड़ और हिंसा की खबरें आ रही हैं.
दक्षिण 24 परगना जिले में सड़क किनारे टीएमसी का बैनर लगाकर बैठे कार्यकर्ताओं पुलिस ने पिटाई की है. कैनिंग एसडीपीओ दिवाकर दास ने इन वर्कर्स पर लाठी चार्ज किया है. पश्चिम बंगाल के सीताई में एक मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की गई है. वहां मतपत्रों में आग लगा दी गई है. घटना के बाद खासा बवाल हो गया है.
कूचबिहार के फोलिमारी में हिंसा भड़क उठी है. वहां बीजेपी के पोलिंग एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शनिवार सुबह हमलावरों ने बीजेपी के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास को गोली मार दी. घटना फलीमारी की है. बूथ संख्या 4/38 पर बम फेंके गए और गोलीबारी की गई है. एक सीपीआईएम उम्मीदवार अनिता अधिकारी के घायल होने की खबर है. बता दें कि पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव की वोटिंग के बीच अब तक 6 लोगों की हत्या कर दी गई है. कल रात से मरने वालों में 5 टीएमसी और एक बीजेपी का कार्यकर्ता था.