शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक मंदिर के पास कथित रूप से मांस के अवशेष से भरी बोरी मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कोतवाली क्षेत्र के कच्चा कटरा स्थित राधा रानी मंदिर के पास शुक्रवार रात कथित तौर पर मांस के अवशेष से भरी बोरी मिली थी.
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन टीम का गठन किया था तथा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर वसीम उर्फ बंबइया को गिरफ्तार किया.पुलिस अधीक्षक ने आरोपी से हुई पूछताछ के हवाले से बताया कि आरोपी ने तीन बोरी एक दुकान से ली थीं और उन्हें कचरे में फेंकने जा रहा था लेकिन उसे पता नहीं चला कि एक बोरी कब गिर गई .
उन्होंने बताया कि आरोपी के अनुसार जब वह आगे पहुंचा तो उसने देखा कि वहां केवल दो ही बोरी थीं, इसके बाद वह उसी रास्ते पर बोरी ढूंढते हुए वापस आया लेकिन तब तक वहां लोग इकट्ठा हो गए थे और इसलिए वह चुपचाप अपने घर चला गया. मीणा ने बताया कि आरोपी के कथन की पुष्टि के लिए पुलिस ने दुकानों पर जाकर पूरे मामले की पड़ताल की और पाया कि आरोपी सही बोल रहा है. उसे कचरा फेंकने के लिए प्रति बोरी 20रुपये के हिसाब से भुगतान किया जाता है. शुक्रवार को जिले में एक मंदिर के पास कथित रूप से मांस के अवशेष से भरी एक बोरी मिली थी,जिस पर स्थानीय लोगों ने कड़ा एतराज जताया था.