विपक्षी गठबंधन घोर मतभेदों वाले लोगों का समूह भर है: वित्त मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Jul 2023 07:43 PM
विपक्षी गठबंधन घोर मतभेदों वाले लोगों का समूह भर है: वित्त मंत्री
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि भले ही विपक्ष ने अपने गठबंधन के लिए कोई भी नाम सोच लिया हो, लेकिन वह घोर आपसी मतभेदों वाले लोगों का समूह भर है और उनका एकसूत्रीय एजेंडा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अपशब्द कहने का है. सीतारमण ने कहा कि विपक्षी दलों में केवल एक बात समान है कि वे प्रधानमंत्री के खिलाफ लगातार अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं और उनके प्रति नफरत रखते हैं तथा सोचते हैं कि इसके लिए जनता उन्हें पुरस्कृत करेगी.

वित्त मंत्री ने कहा, ”विपक्ष का एकमात्र एजेंडा प्रधानमंत्री का विरोध करना, उनकी आलोचना करना और उन्हें अपशब्द कहना प्रतीत होता है. मुझे नहीं लगता कि भारत की जनता इस प्रकार की एकता चाहती है.” उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष का एकसूत्रीय एजेंडा वोट की खातिर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करना भर है तो वह गलत साबित होगा.

सीतारमण ने कहा, ”पिछले दस वर्षों में भारत के लोगों ने देखा है कि गांवों में किस प्रकार से सुधार हुए हैं, पहुंचने के साधन बेहतर हुए हैं, आम लोगों तक किस प्रकार से मूलभूत सुविधाएं पहुंची हैं, किस प्रकार से देश तेजी से आगे बढ. रहा है और प्रत्येक नागरिक इस सशक्त होती गाथा का हिस्सा बनना चाहता है. भारत की जनता प्रत्येक दल से अधिक की चाहत रखती है, न कि प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों की.” विपक्ष के 26 दलों ने अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती देने के प्रयास के तहत मंगलवार को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ नाम से नए गठबंधन की घोषणा की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu