कर्नाटक में छात्रा का शौचालय में वीडियो बनाने को लेकर तीन छात्राएं निलंबित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Jul 2023 10:26 PM
कर्नाटक में छात्रा का शौचालय में वीडियो बनाने को लेकर तीन छात्राएं निलंबित
ऑडियो सुनें

उडुपी. कॉलेज के शौचालय में एक साथी छात्रा का कथित तौर पर वीडियो बनाने के लिए दृष्टि रोग विज्ञान (ऑप्टोमेट्री) पाठ्यक्रम की पढ.ाई कर रही तीन छात्राओं को निलंबित कर दिया गया है. यह जानकारी कॉलेज प्रबंधन ने रविवार को दी. नेत्र ज्योति कॉलेज निदेशक रश्मि कृष्ण प्रसाद ने कहा कि घटना बुधवार को हुई और अगले ही दिन छात्राओं को निलंबित कर दिया गया. उन्होंने कहा कि लड़कियों को दो मामलों में निलंबित किया गया – पहला, वे मोबाइल फोन लेकर आईं जो कॉलेज में प्रतिबंधित है और फिर वीडियो बनाना.

निदेशक के मुताबिक, तीनों लड़कियों ने पीड़िता को बताया कि उनके निशाने पर कुछ और लड़कियां थीं और उसका वीडियो गलती से बना लिया. निदेशक ने कहा कि तीनों लड़कियों ने कथित तौर पर उसके सामने वीडियो हटा दिया. निदेशक ने कहा कि हालांकि, पीड़िता ने अपने अन्य दोस्तों को घटना के बारे में बता दिया जिन्होंने प्रबंधन को मामले की सूचना दी.

रश्मि ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमने तीनों लड़कियों को तुरंत निलंबित कर दिया. हालांकि पीड़िता कुछ कारणों से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को लेकर अनिच्छुक थी, लेकिन हमने पुलिस को अर्जी देकर घटना की जानकारी दी. हमने फॉरेंसिक जांच के लिए वीडियोग्राफी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी सौंप दिए.” संपर्क करने पर मालपे थाने के प्रभारी अधिकारी ने कहा कि उन्हें एक शिकायत मिली है और वे इसकी जांच कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu