कश्मीर में जी-20 की सफलता से पाकिस्तान हताश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Jul 2023 08:32 PM
कश्मीर में जी-20 की सफलता से पाकिस्तान हताश
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर में हाल में सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों में वृद्धि देखी गई है और सेना के जवानों ने दो महीने में 20 से अधिक आतंकवादियों को ढेर कर दिया है. सुरक्षा विशेषज्ञों ने यह जानकारी दी. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि कश्मीर में जी-20 समूह की बैठकों की सफलता से पाकिस्तान हताश है.

सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक मई में जी-20 समूह की बैठकों के दौरान घुसपैठ की कोशिशों में काफी वृद्धि हुई थी और यह सिलसिला जून तथा जुलाई में भी जारी रहा. जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोड़ा ने कहा कि पाकिस्तान ने केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद को बढ.ावा देने की अपनी कोशिशों को फिर से शुरू कर दिया है, लेकिन सुरक्षा बलों और पुलिस ने इन प्रयासों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है.

कुलदीप खोड़ा ने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों के दौरान जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी समूहों ने पुंछ क्षेत्र के जरिए घुसपैठ की कोशिशें तेज कर दी हैं.” उन्होंने कहा, ”कुछ घटनाएं ऐसी भी हुई हैं, जिनमें सुरक्षा बलों को नुकसान हुआ है.” पूर्व पुलिस महानिदेशक ने इस बात पर जोर दिया कि पिछले एक दशक के दौरान जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी घटनाओं में कमी होने के बावजूद, सुरक्षा तंत्र सतर्क है और घुसपैठ की कोशिशों से निपटने के लिए लगातार मजबूत हो रहा है.

सुरक्षा विशेषज्ञ कैप्टन अनिल गौड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” अनुच्छेद-370 के निरस्त होने के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकी ढांचे को खत्म कर दिया है. इसने कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति का माहौल बहाल किया तथा भारत ने कश्मीर में जी-20 की बैठक आयोजित की. जी-20 की बैठक की कामयाबी के कारण पाकिस्तान काफी हताश हो गया क्योंकि वह नहीं चाहता था कि यह बैठक कश्मीर में हो. इसलिए, पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की कोशिशें काफी तेज कर दी हैं. ”

आंकड़ों के मुताबिक जी-20 की बैठक के बाद से जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर घुसपैठ के लगभग 14 से 15 प्रयास हुए हैं. सुरक्षा बलों ने इस दौरान 23 आतंकवादियों और घुसपैठियों को सफलतापूर्वक मार गिराया है और भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu