अगर मैं यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मिल सकती हूं, तो मणिपुर के मुख्यमंत्री क्यों नहीं: मालीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Jul 2023 08:06 PM
अगर मैं यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मिल सकती हूं, तो मणिपुर के मुख्यमंत्री क्यों नहीं: मालीवाल
ऑडियो सुनें

इंफाल. दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग की और पूछा कि जब वह इतनी दूर आकर यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से मुलाकात कर सकती हैं तो मुख्यमंत्री उन पीड़िताओं से क्यों नहीं मिल सके.

मणिपुर के दौरे पर रविवार को आई मालीवाल ने दावा किया कि जिन दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाया गया था, उन्होंने बताया कि सरकार के किसी नुमाइंदे ने उनसे मुलाकात नहीं की है. मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से राज्य का दौरा करने की अपील की.

राज्यपाल अनसुइया उइके से मिलने के बाद संवाददातओं से बातचीत करते हुए मालीवाल ने कहा, ”मणिपुर जल रहा है. अगर अब कुछ नहीं किया गया तो मणिपुर को बचाना मुश्किल होगा.” डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार को मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने के लिए कहना चाहिए, क्योंकि वह इस पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं.

उन्होंने कहा, ”मैं बिना सुरक्षा के अकेले चुराचांदपुर गई. मैंने उन दो महिलाओं से मुलाकात की, जिन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया गया था और यौन उत्पीड़न किया गया था. अगर मैं उनसे मिल सकती हूं तो मुख्यमंत्री क्यों नहीं? वह (मुख्यमंत्री) अपनी बुलेटप्रूफ कार से चुराचांदपुर और अन्य प्रभावित स्थानों पर क्यों नहीं गए?” मालीवाल ने बताया कि वह इंफाल, चुराचांदपुर और मोइरांग स्थित राहत गई और वहां पर दयनीय स्थिति देखी.

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाये जाने का वीडियो गत बुधवार, 19 जुलाई को सामने आने के बाद राज्य के पहाड़ी क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया. अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो चार मई का है. मणिपुर में बहुसंख्यक मेइती समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के विरोध में तीन मई को पहाड़ी जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ निकाले जाने के बाद राज्य में जातीय हिंसा भड़क गई थी, जिसमें कम से कम 160 लोग मारे गए हैं और कई सौ घायल हुए हैं. राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं. वहीं, नगा और कुकी समुदाय के आदिवासियों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे पर्वतीय जिलों में रहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu