नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संसद के मानसून सत्र में मणिपुर के विषय पर बयान देने की बजाय राजस्थान में राजनीतिक भाषण दे रहे हैं जिसका मतलब यह है कि उन्हें लोकतंत्र में विश्वास नहीं है और वह संसद एवं हर सांसद का अपमान कर रहे हैं.
उन्होंने संसद भवन परिसर में ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री संसद में अपना बयान देने के लिए आधे घंटे का भी समय नहीं निकाल सकते? खरगे ने कहा, ”सदन चल रहा है, हम प्रधानमंत्री से मांग कर रहे हैं कि मणिपुर पर बयान दीजिए. वह राजस्थान में जाकर राजनीतिक भाषण दे रहे हैं, चुनाव की बात कर रहे हैं. अगर आप संसद का सत्र छोड़कर राजस्थान जा सकते हैं तो क्या यहां सदन में आकर आधे घंटे अपना बयान नहीं दे सकते ?”
उन्होंने आरोप लगाया, ”इसका मतलब यह है कि उनको कोई दिलचस्पी नहीं है. प्रधानमंत्री को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है. वह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा नहीं करना चाहते. वह संसद और हर सांसद का अपमान कर रहे हैं. ” बाद में कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया, ”मणिपुर का जलना देश के लिए काला अध्याय है. जिस सरकार ने पिछले 85 दिनों से मणिपुर के रोते-बिलखते लोगों की सुध नहीं ली वह सरकार इंसानियत पर कलंक है. संसद का सत्र चल रहा है और प्रधानमंत्री सदन में बोलने के बजाय घूम-घूमकर भाषण दे रहे हैं. यह लोकतंत्र को कलंकित कर रहा है. ”
उन्होंने दावा किया, ”विपक्षी दलों को कुछ भी कह देने से मोदी सरकार के कुकर्मों की कालिख. नहीं मिट सकती. दलित, आदिवासियों और पिछड़ों के विरोध वाली मानसिकता ही काले कपड़ों का मखौल उड़ा सकती है, पर हमारे लिए काला रंग, विरोध और शक्ति का प्रतीक है.” खरगे ने कहा, ”काला रंग न्याय और गरिमा का प्रतीक है. मणिपुर की जनता न्याय, शांति और सम्मान की हक.दार है.” विपक्षी नेता बृहस्पतिवार को मणिपुर के मुद्दे पर सरकार के रुख के विरोध में काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे.
खरगे ने कहा, ”मणिपुर के जीवन को काले अंधकार में डुबोकर, तानाशाही वाला रवैया अपनाकर, मुद्दे से ध्यान भटकाकर- भाजपा अपनी जवाबदेही से भाग नहीं सकती. संसद के इतिहास में इससे गहन अंधकार काल नहीं आया.” कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट में आरोप लगाया, ”प्रधानमंत्री के पास राजस्थान और अन्य जगहों पर चुनावी रैली करने के लिए तो बहुत समय है, जहां वह कांग्रेस के ख.लिाफ. अपमानजनक बातें और झूठ बोलते हैं. लेकिन वह मणिपुर पर चर्चा से बचने के लिए संसद से गायब रहते हैं.”
उन्होंने कहा, ”यह बेहद निराशाजनक है कि प्रधानमंत्री उस भयावह त्रासदी पर संसद के अंदर एक बयान भी नहीं देंगे जिसने मणिपुर को लगभग बर्बाद कर दिया है.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ.ा की कथित ‘लाल डायरी’ के हवाले से बृहस्पतिवार को राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और इसे कांग्रेस की ‘लूट की दुकान’ का सबसे नया उत्पाद करार दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े से बड़े नेताओं की इस ‘लाल डायरी’ का नाम सुनते ही बोलती बंद हो रही है.
सीकर में एक आम सभा में मोदी ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कभी ‘इंदिरा इज इंडिया, इंडिया इज इंदिरा’ का नारा दिया गया था और अब ‘यूपीए इज इंडिया, इंडिया इज यूपीए’ की बात की जा रही है, लेकिन इनका जनता फिर से एक बार वही हाल करेगी जो पहले किया था. महात्मा गांधी के ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ नारे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”आज का नारा है-भ्रष्टाचार छोड़ो इंडिया, परिवारवाद छोड़ो इंडिया, तुष्टीकरण छोड़ो इंडिया.’