मुंबई में 25 और 26 अगस्त को होगी ‘इंडिया’अगली बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jul 2023 10:35 PM
मुंबई में 25 और 26 अगस्त को होगी ‘इंडिया’अगली बैठक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विपक्ष के 26 दलों के गठबंधन ‘ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) की अगली बैठक मुंबई में 25 और 26 अगस्त को होगी. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. सूत्रों का कहना है कि यह बैठक शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी तथा इसमें कांग्रेस का भी सहयोग होगा.

ऐसा पहली बार होगा कि ‘इंडिया’ के घटक दलों की बैठक ऐसे किसी राज्य में होने जा रही है जहां इनमें से कोई भी पार्टी सत्ता में नहीं है.
विपक्षी दलों की पहली बैठक 23 जून को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड द्वारा पटना में आयोजित की गई थी. दूसरी बैठक 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में आयोजित की गई थी और इसकी मेजबानी कर्नाटक में सत्तारूढ. कांग्रेस ने की थी.

मुंबई की बैठक इस मायने में भी महत्वपूर्ण होगी उसमें इस गठबंधन के किसी संयोजक के नाम पर फैसला हो सकता है और समन्वय समिति का भी गठन हो सकता है. इसके साथ ही इसी बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के तालमेल के संदर्भ में भी कोई रूपरेखा तैयार की जा सकती है.

विपक्ष के 26 दलों ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछाने का आगाज करते हुए गत 18 जुलाई को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ नाम से नए गठबंधन की घोषणा की थी . उन्होंने कहा था कि यह ‘इंडिया’ 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पराजित करेगा.

इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार, द्रमुक नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कुछ अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu