यूक्रेन का दावा : उसके ड्रोन ने रूसी बंदरगाह में नौसेना के पोत को निशाना बनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 04 Aug 2023 07:48 PM
यूक्रेन का दावा : उसके ड्रोन ने रूसी बंदरगाह में नौसेना के पोत को निशाना बनाया
ऑडियो सुनें

कीव.यूक्रेन के एक अधिकारी ने दावा किया है कि शुक्रवार को यूक्रेनी समुद्री ड्रोन से काला सागर में एक प्रमुख रूसी बंदरगाह को निशाना गया जिससे एक नौसैनिक पोत क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि रूस ने दावा किया कि उसने यूक्रेन के हमले को विफल कर दिया.
नोवोरोसिस्क पर हमला पिछले 18 महीने से जारी युद्ध में पहला मौका है जब रूस के किसी वाणिज्यिक बंदरगाह को निशाना बनाया गया है. यह शहर काला सागर तट पर रूस का एक प्रमुख बंदरगाह है और वहां नौसेना का अड्डा, पोत निर्माण यार्ड तथा एक तेल र्टिमनल भी है. रूसी निर्यात के लिहाज से यह एक प्रमुख बंदरगाह है.

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात में यूक्रेन के एक और हमले को विफल कर दिया तथा 13 ड्रोन को मार गिराया. मंत्रालय ने कहा कि नौसेना अड्डे की सुरक्षा के लिए तैनात रूसी पोतों ने दो यूक्रेनी समुद्री ड्रोन को मार गिराया. यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के एक अधिकारी के अनुसार, सुरक्षा सेवा और नौसेना ने नोवोरोसिस्क पर हमला किया जिससे ओलेनेगॉस्र्की गोन्र्याक पोत को गंभीर नुकसान पहुंचा है.

अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि हमले के कारण क्षतिग्रस्त पोत अब लड़ाकू अभियानों में शामिल होने के लायक नहीं है. यूक्रेनी समाचार एजेंसियों ने सोशल मीडिया चैनलों के कुछ फुटेज भी दिखाए. रूस ने कहा कि नौसैनिक अड्डे की सुरक्षा में तैनात पोतों ने यूक्रेन के हमले पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमले को नाकाम करते हुए दो समुद्री ड्रोन को मार गिराया.

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने संवाददाताओं के साथ बातचीत के दौरान इस हमले के बारे में पूछे जाने पर टिप्पणी करने से इनकार किया. यूक्रेन के अधिकारियों ने देश की सुरक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की. इससे पहले, काला सागर में बंदरगाह पर हमले की पुष्टि करने के कुछ ही मिनट बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने क्रीमिया पर यूक्रेन के एक और हमले को भी नाकाम कर दिया है. मंत्रालय ने कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने 10 ड्रोन को मार गिराया और तीन अन्य ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu