गुरुग्राम. हरियाणा के नूंह में हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा करने जा रहे कांग्रेस की प्रदेश इकाई के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने जिले के हिंसा प्रभावित गांवों में प्रवेश करने से रोक दिया. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को कफ्र्यू लागू होने और उनके लिए सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए रोजका मेव गांव में रोक दिया गया. यह गांव सांप्रदायिक हिंसा से प्रभावित था. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल लौट आया.
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वे नूंह शहर में प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनना चाहते थे और शांति का संदेश देना चाहते थे. हुड्डा ने कहा, “आज हमें रोकने के लिए जितनी भारी फोर्स तैनात की गई है, अगर उस दिन भी तैनात की गई होती तो दोनों समुदायों के बीच झड़प नहीं होती. इस पूरे प्रकरण के लिए पूरी तरह से सरकार जिम्मेदार है. जाहिर है सरकार लापरवाह थी और उनकी मंशा ठीक नहीं थी.”
उन्होंने कहा, “प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य नूंह शहर के व्यापारियों और अन्य प्रभावित लोगों से मिलना और उनकी समस्याएं सुनकर शांति का संदेश देना था. हम नलहर में शिव मंदिर भी देखना चाहते थे.” प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने किया. प्रतिनिधिमंडल में दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कैप्टन अजय सिंह यादव, महेंद्र प्रताप, बीबी बत्रा, बजरंग दास गर्ग, राव दान सिंह, पंकज डावर और जितेंद्र भारद्वाज भी शामिल थे.
हुड्डा ने हिंसा में मारे गए दोनों होम गार्डों को “शहीद का दर्जा” , मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता र परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग भी की. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “हरियाणा सरकार को अपनी विफलता पर शर्म भी नहीं है. हमारा प्रतिनिधिमंडल शांति बहाल करने के उद्देश्य से नूंह जाना चाहता था. इस समय राजनीति का कोई मतलब नहीं है.” पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि वे कांग्रेस आलाकमान को सूचित करेंगे कि उन्हें नूंह के प्रभावित हिस्सों का दौरा करने से रोका गया है. इस बीच, पुलिस ने कहा कि अगर कोई ‘राजनीतिक दौरा’ होता तो प्रशासन का काम बढ. जाता.
नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने कहा, “जिले में धारा 144 लागू होने के कारण अनुमति नहीं दी गयी है. प्रशासन पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है. राजनीतिक दौरा होगा तो प्रशासन का काम बढ.ेगा.” बिजारनिया ने कहा, “स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की ओर बढ. रही है. किसी भी अन्य व्यवधान को रोकने के लिए, हम उनसे स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद अपनी यात्रा करने का अनुरोध कर रहे हैं.” जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, नूंह में दिन के दौरान कफ्र्यू में चार घंटे की ढील दी गई.
इस बीच, हरियाणा में साम्प्रदायिक झड़पों के संबंध में कुल 312 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 106 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, पानीपत और भिवानी समेत अन्य स्थानों पर 142 प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं. नूंह में विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद भड़की साम्प्रदायिक हिंसा में दो होम गार्ड तथा एक नायब इमाम समेत छह लोग मारे गए थे.