‘न्यूजक्लिक’ के मुद्दे पर भाजपा ने सदन के भीतर और बाहर विपक्ष पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Aug 2023 09:57 PM
‘न्यूजक्लिक’ के मुद्दे पर भाजपा ने सदन के भीतर और बाहर विपक्ष पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को संसद के भीतर और बाहर विपक्षी दलों पर एक समाचार पोर्टल को चीनी फंडिंग की रिपोर्ट को लेकर हमला बोला और आरोप लगाया कि हो सकता है कि उन्होंने भारत की सुरक्षा और एकता को निशाना बनाने के लिए चीन के इशारे पर एक नया गठबंधन बनाया हो.

भाजपा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने राज्यसभा में यह मुद्दा उठाया और पोर्टल के साथ कांग्रेस के कथित संबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ‘न्यूजक्लिक’ को भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने के लिए चीन से धन मिला.

त्रिवेदी ने तब पोर्टल के साथ कांग्रेस के कथित संबंधों को लेकर उस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रवर्तन निदेशालय ने 2021 में धनशोधन सहित विभिन्न आरोपों को लेकर उसके परिसरों पर छापे मारे थे तो प्रेस की आजादी का हवाला देते हुए पार्टी ने उसका समर्थन किया था. राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने ‘क्या है ये अजीब रिश्ता’ पूछा और आरोप लगाया कि वे भारत के खिलाफ साजिश में शामिल हैं और इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए.

उन्होंने कहा, ”वे भारत के खिलाफ फंडिंग करते हैं और सदन में दुष्प्रचार करते हैं. राहुल गांधी के साथ उनका क्या रिश्ता है… देश को पता होना चाहिए कि यह संबंध क्या है और उन्हें बताना चाहिए कि वह चीन के साथ खड़े हैं या भारत के साथ.” इस आरोप को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजकर 45 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी.

गोयल ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि न्यूज.क्लिक को चीनी फंडिंग संबंधी न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट ने उनकी पोल खोल दी है. गोयल ने कहा कि समाचार पोर्टल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद विपक्ष ने सरकार पर मीडिया को दबाने का आरोप लगाया था.

न्यूयॉर्क टाइम्स की जांच में दावा किया गया है कि दुनिया भर में लोगों को प्रभावित करने वाले अभियानों के पीछे एक अमीर अमेरिकी व्यापारी-कार्यकर्ता चीन से धन प्राप्त कर रहा है और विभिन्न कारणों की आड़ में चीनी दुष्प्रचार को आगे बढ.ा रहा है. इनमें जिनके नाम हैं उनमें ‘न्यूजक्लिक’ भी शामिल है.

गोयल ने कहा कि अमेरिकी दैनिक की रिपोर्ट से ‘घमंडिया’ गठबंधन के नेताओं का पर्दाफाश हो गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा गठित ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ पर निशाना साधने के लिए ‘घमंडिया’ शब्द का इस्तेमाल किया है.

गोयल ने आरोप लगाया कि ऐसा सोचा जाता था कि केवल वाम दल ही रूस और चीन के निर्देशों का पालन करते हैं लेकिन फिर यह देखा गया कि कांग्रेस के युवा नेता को भी चीन निर्देशित करता है क्योंकि पार्टी ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. राज्यसभा में सदन के नेता ने संवाददाताओं से कहा कि ‘न्यूजक्लिक’ मुद्दा बहुत गंभीर है और यह उन लोगों के बारे में गंभीर सवाल उठाता है जो लोकतंत्र और स्वतंत्र प्रेस के बारे में बोलने का दावा करते हैं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और वाम दलों सहित अन्य दलों के नेताओं ने धनशोधन के आरोपों पर समाचार पोर्टल के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई को मीडिया को दबाने और वश में करने की सरकार की कोशिश के तौर पर पेश किया था. ईडी ने फरवरी 2021 में पोर्टल के परिसरों पर छापा मारा था क्योंकि एजेंसी ने धनशोधन में इसकी कथित संलिप्तता की जांच शुरू की थी.

गोयल ने कहा कि अब यह सामने आया है कि मीडिया की आड़ में न्यूजक्लिक ने भारतीय सुरक्षा को निशाना बनाया और यह दुष्प्रचार से लोगों को गुमराह करने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा था. उन्होंने आरोप लगाया, ”यह घमंडिया गठबंधन पूरी तरह से एक दूसरे को बचाने के उद्देश्य से है और यह गठबंधन शायद चीन के इशारे पर बनाया गया है.” उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कांग्रेस, माकपा, तृणमूल कांग्रेस, राजद और आप जैसे दल भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता को निशाना बनाने की साजिश के तहत एक साथ आए हों. त्रिवेदी ने इससे पहले राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाया था और पोर्टल के साथ कथित संबंधों के लिए कांग्रेस पर सवाल उठाए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu