कांग्रेस का इतिहास खून से सना हुआ, महिला सुरक्षा से इनका कोई सरोकार नहीं: स्मृति ईरानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 08:20 PM
कांग्रेस का इतिहास खून से सना हुआ, महिला सुरक्षा से इनका कोई सरोकार नहीं: स्मृति ईरानी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में अशांति एवं कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार का मुद्दा उठाया और कहा कि ”कांग्रेस का इतिहास खून से सना है” और विपक्ष को महिला सुरक्षा, गरीब कल्याण, नौजवानों के हितों एवं देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है.

लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि राहुल गांधी ने भारत माता की हत्या की बात की और कांग्रेस के लोग यहां मेज थपथपा रहे थे, संसदीय इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ.
विपक्षी सदस्यों की टोकाटोकी के बीच ईरानी ने केंद्र में कांग्रेस की सरकार के समय हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में अशांति एवं कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार तथा आपातकाल के मुद्दे उठाए और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा.

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में राहुल गांधी के एक बयान के जवाब में कहा, ”मणिपुर खंडित नहीं है, विभाजित नहीं है, वह देश का अभिन्न अंग है. ” ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने न सिखों के साथ इंसाफ किया, न ही नौजवानों, किसानों के हितों की चिंता की और न ही महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दिया.

ईरानी ने कहा, ” ऐसे में जो देश के लोगों, महिलाओं, गरीबों और नौजवानों की बात कर रहा है, उस पर देश फिर से विश्वास करेगा. 2024 में फिर से नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी.” उन्होंने कहा, ”देश की जनता कभी भी उनकी (राहुल गांधी) माताजी के हाथों में देश की तिजोरी की चाबी नहीं देगी.” स्मृति ईरानी ने यह दावा भी किया कि उनसे पहले के वक्ता कांग्रेस सांसद (राहुल गांधी) ने सदन से जाते हुए अभद्र आचरण दर्शाया है और ऐसा आचरण संसद में कभी नहीं देखा गया.

ईरानी ने कहा, ” जिन्हें (राहुल गांधी को) आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र कार्य किया.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल महिला से द्वेष रखने वाला व्यक्ति ही हो सकता है जो संसद में महिला सदस्यों के रहते हुए ‘फ्लाइंग किस’ दे. ईरानी ने कहा कि ऐसा गरिमाविहीन आचरण इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष को महिला सुरक्षा, गरीबों के कल्याण, नौजवानों के हितों एवं देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है जबकि पिछले नौ वर्षों में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने शौचालयों का निर्माण किया है, नल से जल पहुंचाया है और महिला सुरक्षा की दिशा में कदम उठाये हैं. स्मृति ईरानी ने कहा कि हमारे देश के संसदीय इतिहास में आज तक ‘भारत मां की हत्या’ की बात नहीं हुई और कभी इस बात पर मेज नहीं थपथपाई गईं. उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने आज यहां बैठकर भारत मां की हत्या की बात पर मेज थपथपाई हैं.

उन्होंने कहा कि आज भारत मां की हत्या की बात पर कांग्रेस पार्टी तालियां बजाती रही. ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने इस बात का संकेत पूरे देश को दिया है कि किसके मन में गद्दारी है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि पूर्वोत्तर के इस राज्य में ‘भारत माता’ की हत्या की गई है और ऐसा करने वाले लोग ‘देशद्रोही’ हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने मणिपुर को बांट दिया है. ईरानी ने कहा, ‘ मणिपुर खंडित, विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंश है.”

केंद्रीय मंत्री ईरानी ने एक तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह धुंधली तस्वीर गिरिजा टिक्कू की है, जिनके साथ 90 के दशक में बलात्कार किया गया और उनका शरीर काट दिया गया. उन्होंने कहा कि इस घटना का दृश्य एक फिल्म में आया तो कांग्रेस के कुछ प्रवक्ताओं ने उसे दुष्प्रचार कहा. स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के लोग नहीं चाहते कि कश्मीरी पंडितों की दास्तान कहीं सुनाई जाए.

उन्होंने कहा कि किसी महिला को शौच के लिए सूर्यास्त का इंतजार करने पड़े, यह कितनी बड़ी बात है लेकिन 2014 से पहले केवल 39 प्रतिशत घरों में शौचालय थे और नरेन्द्र मोदी की सरकार आने के बाद अब यह शत प्रतिशत हो गया है. उन्होंने कहा कि आज 12.40 करोड़ परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है, आवास योजना के तहत 3.84 करोड़ आवास बने, 23 करोड़ लोगों का जनधन खाता खुला, 40 करोड़ लोगों को मुद्रा योजना का लाभ मिला, उद्यमिता विकास के कार्य हुए लेकिन कांग्रेस सहित विपक्ष को इससे कोई सरोकार नहीं है.

मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों पर स्मृति ईरानी ने कहा कि सदन के उपनेता राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट कहा था कि सरकार चर्चा को तैयार है, ” हम चर्चा करना चाहते थे, चर्चा करने को तैयार थे, भागे ये (विपक्ष), हम नहीं.” उन्होंने कहा कि विपक्ष चर्चा से इसलिए भागा क्योंकि जब गृह मंत्री बोलते, तब परतें खुलतीं और वे इसे सुन नहीं पाते. कांग्रेस पर प्रहार जारी रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि इनके द्रमुक के एक साथी ने तमिलनाडु में कहा कि भारत का मतलब मात्र उत्तर भारत है, अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो आकर इसका खंडन करें.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता ने कश्मीर में जनमत संग्रह की बात की, अगर गांधी परिवार में हिम्मत है तो देश को बताएं कि कश्मीर को देश से हटाने की साजिश में कांग्रेस के उस नेता ने वक्तव्य क्यों दिया? ईरानी ने कहा कि जिन वादियों को हिंदुस्तान ने खून से सना देखा है, जहां गोलियों की आवाजें हर दिन सुनाई देती थीं, जब ये (राहुल) उन वादियों में गए तो वहां इन्होंने आश्वासन दिया कि अगर इनका बस चले तो ये अनुच्छेद-370 पुन: स्थापित कर दें. उन्होंने कहा, ” लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि इस देश में न अनुच्छेद-370 लौटेगा और न ही कश्मीरी पंडितों को कोई धमकी देगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu