विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए शुभ, 2024 में रिकॉर्ड बहुमत से वापस आएंगे: प्रधानमंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Aug 2023 10:30 PM
विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए शुभ, 2024 में रिकॉर्ड बहुमत से वापस आएंगे: प्रधानमंत्री
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उस पर तीखा प्रहार करते हुए लोकसभा में बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दलों का यह अविश्वास प्रस्ताव भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए शुभ होता है.

उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि इस अविश्वास प्रस्ताव के जरिये तय हो गया है कि जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और राजग को पहले के सारे रिकॉर्ड तोड़कर बहुमत देगी. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विधेयकों पर चर्चा में शामिल नहीं होकर विपक्ष ने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है.

मोदी ने विपक्ष के पिछले अविश्वास प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा, ”2018 में मैंने कहा था कि यह अविश्वास प्रस्ताव हमारी सरकार का शक्ति परीक्षण नहीं है, बल्कि उन्हीं (विपक्ष) का परीक्षण है. मतदान हुआ तो विपक्ष के पास जितने वोट थे, उतने वोट भी वो जमा नहीं कर पाए थे.” उन्होंने कहा, ”जब हम (2019 में) जनता के पास गए, तो जनता ने भी इनके लिए पूरी ताकत के साथ अविश्वास घोषित कर दिया. राजग को भी ज्यादा सीटें मिलीं और भाजपा को भी ज्यादा सीटें मिलीं.”

प्रधानमंत्री ने कहा, ”एक तरह से विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव हमारे लिए शुभ होता है. आपने तय कर लिया है कि भाजपा और राजग पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़कर सरकार में फिर वापस आएं.” उन्होंने संसद के मौजूदा मानसून सत्र में हुए विधायी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संसद में आदिवासियों, गरीबों, युवाओं के भविष्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण विधेयक पिछले दिनों पारित हुए, लेकिन विपक्ष की रुचि केवल राजनीति में है और उन्होंने इन पर चर्चा में शामिल नहीं होकर जनता से विश्वासघात किया है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”21वीं सदी का यह कालखंड भारत के लिए हर सपने सिद्ध करने का अवसर देने वाला महत्वपूर्ण समय है, इस कालखंड का प्रभाव एक हजार साल तक रहने वाला है.” उन्होंने कहा, ”हमने देश के युवाओं को घोटालों से रहित सरकार दी है. युवाओं को खुले आसामान में उड़ने का अवसर दिया है. हम भारत की साख को नयी ऊंचाइयों पर ले गए. कुछ लोग देश की साख पर दाग लगाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दुनिया देश की साख को जान चुकी है.” मोदी के अनुसार, जब चारों ओर संभावनाएं हैं तो विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव की आड़ में जनता के आत्मविश्वास को तोड़ने का विफल प्रयास किया है.

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन साल में 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, भारतीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि भारत में अत्यंत गरीबी लगभग समाप्त हो गई है. प्रधानमंत्री ने कहा, ”जो दुनिया दूर से देख रही है, ये लोग यहां रहते हैं लेकिन इन्हें दिखाई नहीं देता है.” उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि ‘शुतुरमुर्ग वाले रवैये’ का क्या किया जा सकता है. मोदी ने कहा, ”आज देश में जो मंगल हो रहा है, चारों तरफ जय-जयकार हो रही है, काले टीके के रूप में काले कपड़े पहनकर, यहां आकर आपने इस मंगल को सुरक्षित करने का काम किया है. इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu