‘इंडिया’ के नाम पर देश को बदनाम कर रहे हैं प्रधानमंत्री, उनका राष्ट्रवाद झूठा: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Aug 2023 09:22 PM
‘इंडिया’ के नाम पर देश को बदनाम कर रहे हैं प्रधानमंत्री, उनका राष्ट्रवाद झूठा: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री के जवाब के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर की सच्चाई छिपाने के लिए अहंकार रूपी अस्त्र का इस्तेमाल किया और वह ‘इंडियन नेशनल डेवलवमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को निशाना बनाने के चक्कर में देश को बदनाम कर रहे हैं.

लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रवाद झूठा और देशभक्ति नकली है. गोगोई ने संवाददाताओं से कहा, ”अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री जी ने दो घंटे तक अपनी बात रखी. अविश्वास प्रस्ताव लाने के दो कारण थे. पहला कि मणिपुर का इंसाफ मिलना चाहिए. दूसरा कारण यह था कि संसद की मर्यादा बचाने के लिए प्रधानमंत्री को सदन के भीतर लाकर मौन व्रत तोड़ने के लिए विवश किया जाए.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सदन में लाने का उद्देश्य पूरा हो गया, लेकिन मणिपुर को इंसाफ दिलाने का उद्देश्य पूरा नहीं हुआ. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं.

उन्होंने दावा किया, ”मणिपुर के लिए इंसाफ नजर नहीं आया. भाजपा ने मणिपुर के अपने दो सांसदों का मुंह बंद कर रखा है.” गोगोई का कहना था, ”प्रधानमंत्री मणिपुर की सच्चाई छिपाने के अहंकार रूपी अस्त्र का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसी अहंकार की बात राहुल गांधी ने की थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, भाजपा और गृह मंत्री के अहंकार के कारण मणिपुर और दिल्ली के निकट (हरियाणा) में आग लगी.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने हमारे सवालों का उत्तर नहीं दिया जिसके कारण हमने सदन से वाआउट किया.” गोगोई ने आरोप लगाया, ”प्रधानमंत्री जी सिर्फ देश का नाम बदनाम करने पर तुले हैं. देश के नाम को लेकर राजनीतिक टिप्पणियां कर रहे हैं. उनका राष्ट्रवाद झूठा है. उनकी देशभक्ति नकली है क्योंकि सत्ता के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने मणिपुर के मुख्यमंत्री को क्लीन चिट दे दी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu