मोदी की ओर से की गई कांग्रेस की आलोचना बताती है कि पार्टी मजबूत हो रही : राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 11 Aug 2023 08:39 PM
मोदी की ओर से की गई कांग्रेस की आलोचना बताती है कि पार्टी मजबूत हो रही : राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस की आलोचना किए जाने से स्पष्ट है कि कांग्रेस मजबूत हो रही है. प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस के जवाब में लोकसभा में 130 मिनट से अधिक समय तक बोले. बाद में कांग्रेस ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘कांग्रेस-फोबिया’ से ग्रस्त हैं और इसीलिए उन्होंने अपने पूरे भाषण में पार्टी की आलोचना की.

राउत ने यहां पत्रकारों से कहा, ”कांग्रेस अभी भी प्रधानमंत्री के दिल और दिमाग में है, भले ही उन्होंने (प्रधानमंत्री के रूप में) दो चुनाव जीते हैं. राहुल गांधी के नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी ने एक चुनौती पेश की है और पार्टी मजबूत हो रही है.” उन्होंने मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा, ”आप 10 साल से सत्ता में हैं… कांग्रेस को भूल जाइए और अपने काम के बारे में बोलिए.” राउत ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव इसलिए लाया गया ताकि प्रधानमंत्री संसद में आएं, मणिपुर मुद्दे पर बयान दें और बताएं कि सरकार वहां शांति बहाल करने के लिए क्या कर रही है.

सवालों का जवाब देते हुए, राउत ने “फ्लाइंग किस” विवाद को अधिक तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि यह “मोहब्बत की दुकान” के सामान में से एक था. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”इसे स्वीकार करें या न करें. यह प्यार की निशानी है. गुस्सा क्यों करना? ऐसा इसलिए क्योंकि आप प्यार और शांति का संदेश नहीं दे सकते. अपने खिलाफ नफरती भाषण के बावजूद राहुल गांधी यदि यह संदेश देते हैं, तो यह एक बड़ी बात है.” राउत ने यह भी दावा किया कि 2024 में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) लोकसभा चुनाव जीतेगा और अगले साल विधानसभा चुनाव के बाद महा विकास आघाड़ी (एमवीए) महाराष्ट्र में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि मुंबई में आगामी बैठक के दौरान महाराष्ट्र से और भी पार्टियां ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu