प्रियंका गांधी विवादास्पद पोस्ट मामले में एक्स से मांगेंगे जानकारी: इंदौर के पुलिस आयुक्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Aug 2023 06:45 PM
प्रियंका गांधी विवादास्पद पोस्ट मामले में एक्स से मांगेंगे जानकारी: इंदौर के पुलिस आयुक्त
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप वाले विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर इंदौर में प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव सरीखे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) खातों के “हैंडलर” (खाता चलाने वाला व्यक्ति) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की दिशा तय करने के लिए ‘एक्स’ से विवादास्पद पोस्ट को लेकर जानकारी मांगी जाएगी. इंदौर के पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर ने ”पीटीआई-भाषा” को बताया कि भाजपा के विधि प्रकोष्ठ की स्थानीय इकाई के संयोजक नीमेष पाठक ने शिकायत की है कि ज्ञानेंद्र अवस्थी नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से फर्जी पत्र सार्वजनिक किया जिसमें ठेकेदारों से “50 प्रतिशत कमीशन” मांगे जाने की बात लिखी गई है.

उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस फर्जी पत्र के आधार पर प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव सरीखे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के ‘एक्स’ खातों से ”भ्रामक” पोस्ट किए गए. देउस्कर ने बताया कि इस शिकायत पर शहर के संयोगितागंज पुलिस थाने में अवस्थी के साथ ही प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव के ‘एक्स’ खातों के ”हैंडलर” के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 469 (ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी) के तहत दर्ज की गई है. पुलिस आयुक्त ने बताया,”इस मामले की जांच की जा रही है. मामले से जुड़े विवादास्पद पोस्ट को लेकर एक्स से जानकारी मांगी जाएगी और इस ब्योरे के आधार पर अगला कदम उठाया जाएगा.” शिकायतकर्ता पाठक का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के झूठे आरोप वाले भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट साझा कर प्रदेश सरकार और उनकी पार्टी की छवि साजिशन खराब की है.

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम ने इस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी सरकार द्वारा ठेकेदारों से ”50 प्रतिशत कमीशन” लेने के भ्रष्टाचार के खुलासे से बौखला कर कांग्रेस के तीन बड़े नेताओं के एक्स खातों को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.

उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा को लगने लगा है कि इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है. गौतम ने कहा,”भाजपा के मन में डर है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर भाजपा की मौजूदा सरकार के राज में हुए अलग-अलग घोटालों का हिसाब जरूर लिया जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu