देश के जीडीपी में 2026 तक डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान 20 प्रतिशत होगा : चंद्रशेखर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 08:14 PM
देश के जीडीपी में 2026 तक डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान 20 प्रतिशत होगा : चंद्रशेखर
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2026 तक देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में डिजिटल अर्थव्यवस्था का योगदान 20 प्रतिशत से अधिक होने का अनुमान है. चंद्रशेखर ने यहां ‘जी-20 डिजिटल नवोन्मेष गठबंधन शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत एक प्रमुख देश है जिसने प्रौद्योगिकी को बहुत तेजी से अपनाया है और अब इसने दुनिया को समाधान पेश करना भी शुरू कर दिया है.

उन्होंने कहा, ”डिजिटल अर्थव्यवस्था का जीडीपी में योगदान 2014 में चार से साढ़े चार प्रतिशत था, जो आज 11 प्रतिशत हो गया है. और हमारा अनुमान है कि 2026 तक डिजिटल अर्थव्यवस्था का जीडीपी में योगदान 20 प्रतिशत से अधिक होगा.” चंद्रशेखर ने कहा कि भारत ने प्रौद्योगिकी को न केवल व्यापक अर्थों में नवोन्मेष के लिये, बल्कि वास्तविक समाधान देने के लिए भी अपनाया है. इससे पिछले कुछ साल में लोगों के जीवन, संचालन व्यवस्था और लोकतंत्र में बदलाव आया है.”

डिजिटल प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के दृष्टिकोण के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने आने वाले दशक को ‘टेकेड’ (प्रौद्योगिकी का दशक) कहा है. चंद्रशेखर ने कहा, ”कई मायनों में हमारे प्रधानमंत्री ने युवा भारतीयों को प्रोत्साहित किया कि ‘इंडिया टेकेड’ का निर्माण और डिजाइन देश तथा दुनिया भर के युवा स्टार्टअप के दृढ़ संकल्प, ऊर्जा और रचनात्मकता के जरिये सृजित होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu