अजय राय उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त, सुरजेवाला को मप्र का अतिरिक्त प्रभार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 09:40 PM
अजय राय उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त, सुरजेवाला को मप्र का अतिरिक्त प्रभार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बृहस्पतिवार को अपनी उत्तर प्रदेश इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व विधायक अजय राय को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया. पार्टी ने मध्य प्रदेश के लिए अपने प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल को कार्यमुक्त करते हुए महासचिव रणदीप सुरजेवाला को राज्य के प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप दी. मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस ने महासचिव मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया है.

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ये नियुक्तियां की हैं. कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला फिलहाल कर्नाटक के प्रभारी हैं जहां कुछ महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी. हाल ही में सुरजेवाला को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया.

दलित समुदाय से आने वाले बृजलाल खाबरी को हटाकर अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं. खाबरी अध्यक्ष पद पर लगभग 10 महीने रहे. उन्हें अक्टूबर, 2022 में उप्र इकाई का अध्यक्ष बनाया गया था. राय भूमिहार जाति से आते हैं और वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं.

अजय राय वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं. इससे पहले वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रांतीय प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे. वह पूर्वांचल में मजबूत पैठ रखने वाले नेता और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के भरोसेमंद माने जाते हैं.
कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया है. पिछले साल के आखिर में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद रघु शर्मा ने प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया था. वासनिक कांग्रेस के बड़े दलित चेहरों में शुमार किए जाते हैं. हाल ही में राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 182 सदस्यीय विधानसभा में सिर्फ 17 सीटों पर सिमट गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu