झारखंड कुआं हादसा: छह शव बरामद, बचाव कार्य समाप्त

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 10:18 PM
झारखंड कुआं हादसा: छह शव बरामद, बचाव कार्य समाप्त
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड की राजधानी रांची के एक गांव में बृहस्पतिवार को कुएं का एक हिस्सा ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने बताया कि पिस्का गांव में एक कुएं का एक हिस्सा धंसने की घटना में शुक्रवार सुबह और दो लोगों के शव बाहर निकाले गए.

रांची के पुलिस अधीक्षक (देहात) एच बी जामा ने बताया, ”राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने 15 घंटे बचाव अभियान चलाया जो शुक्रवार की दोपहर को समाप्त हुआ.” कौशल ने बताया कि अभियान के दौरान कुएं से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. उन्होंने बताया, ”कुएं से कुल छह शव बरामद किए गए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.” प्रांतीय राजधानी रांची से करीब 70 किलोमीटर दूर पिस्का गांव के एक कुएं में बैल गिर गया था, जिसे बचाने के प्रयास में लोग उसमें उतरे और इसी दौरान कुएं का एक हिस्सा धंस गया.

एनडीआरएफ क एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मवेशी का शव भी बरामद कर लिया गया है. कुएं का निर्माण पत्थरों से किया गया था. हमें मलबे को हटाने में बहुत मेहनत करनी पड़ी.” झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि कुआं धंसने से पांच लोगों की मौत हुई है, लेकिन एनडीआरएफ के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की थी और कहा था कि बचाव अभियान अभी जारी है.

सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था, ”पिसका गांव में एक कुएं में पांच लोगों की मौत से मेरा दिल दुखी है. भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और शोक-संतप्त परिवारों को यह दुख सहने की क्षमता दे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav