बम रखे होने की सूचना निकली अफवाह, विस्तार की उड़ान में आठ घंटे की देरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 07:48 PM
बम रखे होने की सूचना निकली अफवाह, विस्तार की उड़ान में आठ घंटे की देरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विस्तार एआरलाइंस की दिल्ली-पुणे उड़ान में बम रखे होने की सूचना के चलते यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब आठ घंटे की देरी हुई. सुरक्षा सूत्रों और पुलिस ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि बम खतरा आकलन समिति ने सुबह 7:38 बजे मिली बम रखे होने की सूचना को अपराह्न 2:15 बजे अफवाह घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि व्यापक सुरक्षा जांच के बाद एअरलाइन को विमान के उपयोग के लिए सुरक्षा मंजूरी जारी कर दी गई.

पुलिस के मुताबिक, फ्लाइट यूके971 को सुबह 8:30 बजे रवाना होना था और आखिरकार यह शाम 4.30 बजे रवाना हुई. सूत्रों ने बताया कि एयरबस ए320 विमान में 100 से अधिक यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे. एअरलाइन ने एक बयान में कहा कि उड़ान यूके971 में “अनिवार्य सुरक्षा जांच” के कारण देरी हुई.

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) के गुरुग्राम स्थित नियंत्रण कक्ष में धमकी भरा एक फोन आया, जो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के माध्यम से उन्हें स्थानांतरित किया गया. इसके बाद, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के र्टिमनल 3 पर तलाशी अभियान शुरू किया गया.

अधिकारी ने कहा, “यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और हमने विमान की अंदर और बाहर से जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है.” हवाई अड्डे के सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि हवाई अड्डे के कॉल सेंटर को सुबह 7:38 बजे एक फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि “गेट नंबर 42 पर खड़ी उड़ान संख्या यूके971 में तीन बम रखे गए हैं और वे एक घंटे में फट जाएंगे.” उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद फोन कट गया.

उन्होंने कहा कि उड़ान के सभी यात्रियों और चालक दल को विमान से उतार दिया गया तथा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘आइसोलेशन बे’ में विमान में तलाशी अभियान चलाया गया. सूत्रों ने बताया कि इसके तुरंत बाद बम खतरा मूल्यांकन समिति (बीटीएसी) की बैठक बुलाई गई और सीआईएसएफ ने बम का पता लगाने वाले उपकरणों एवं खोजी कुत्तों की मदद ली तथा यात्रियों के सामान को दोबारा जांच के लिए भेजा गया.

‘विस्तार’ ने अपने बयान में कहा कि उसने सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग किया. इसने कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि 18 अगस्त 2023 को दिल्ली-पुणे उड़ान यूके971 अनिवार्य सुरक्षा जांच के कारण विलंबित है.” एअरलाइन ने कहा, “इस बीच, हम अपने ग्राहकों को जलपान उपलब्ध कराने सहित असुविधा को कम करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu