शिमला. हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के सांसदों और अपनी पार्टी की प्रतिभा सिंह पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सवाल किया कि क्या चारों सांसदों ने राज्य में बारिश से हुई तबाही का मुद्दा दिल्ली में उठाया है.
‘बिहारी वास्तुकार’ संबंधी अपनी कथित टिप्पणी के बारे में उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि भाजपा को राजनीति बंद कर देनी चाहिए.
उन्होंने कांग्रेस शासित राज्य से लोकसभा के चारों निर्वाचित सदस्यों पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने फोन करके उनसे राज्य की स्थिति के बारे में पूछा है. उन्होंने राज्य के चारों सांसदों की भूमिकाओं पर सवाल करते हुए कहा कि वे राज्य के लोगों की चिंताओं को आवाज देने में असफल रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने उनका नाम नहीं लिया लेकिन जाहिरा तौर पर वह भाजपा के तीन सांसदों… हमीरपुर से अनुराग ठाकुर, शिमला से सुरेश कश्यप और कांगड़ा से किशन कपूर का हवाला दे रहे थे. वहीं, लोकसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली चौथी सांसद प्रतिभा सिंह हैं. सिंह मंडी से सांसद हैं और कांग्रेस की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष हैं. सिंह की नजर भी मुख्यमंत्री पद पर थी और उन्होंने पिछले महीने राज्य सरकार और पार्टी के बीच ”समन्वय नहीं होने” के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से शिकायत की थी.
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की तबाही के लिए बिहार के लोगों को जिम्मेदार बताकर उनका अपमान किया है और पार्टी अपना असली चेहरा दिखा रही है. ठाकुर मुख्यमंत्री सुक्खू की कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें कांग्रेस नेता ने शिमला में तबाही के लिए बिहार के निर्माण मजदूरों को जिम्मेदार बताया है.
सुक्खू ने कथित तौर पर कहा था, ”प्रवासी आर्किटेक्ट (राजमिस्त्री), जिन्हें मैं ‘बिहारी आर्किटेक्ट’ कहता हूं, यहां आते हैं और फ्लोर पर फ्लोर का निर्माण करते हैं. हमारे पास स्थानीय राजमिस्त्री नहीं हैं.” मुख्यमंत्री ने हालांकि इस दावे का खंडन किया और कहा ”मुझे बयान दिखाएं. मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और विपक्ष से त्रासदी की इस घड़ी में राजनीति बंद करने का आह्वान करता हूं.”