पसमांदा मुसलमान वर्तमान समय में भाजपा के साथ खड़ा है : दानिश आजाद अंसारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 08:09 PM
पसमांदा मुसलमान वर्तमान समय में भाजपा के साथ खड़ा है : दानिश आजाद अंसारी
ऑडियो सुनें

बलिया. उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने रविवार को कहा कि पसमांदा (पिछड़ा) मुसलमान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ खड़ा है और पार्टी उनकी समस्याओं को सुनने के लिए जल्द ही उनके साथ एक सामुदायिक बैठक करेगी. अंसारी ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की तरफ से उत्तर प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में ‘कौमी चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा .

मंत्री ने रविवार को यहां अपने आवास पर पत्रकारों से कहा, ”पसमांदा मुस्लिम समाज वर्तमान समय में भाजपा के साथ खड़ा है तथा ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलांयस) गठबंधन से भाजपा को कहीं कोई चुनौती नहीं है.” अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पसमांदा मुसलमानों की स्थिति में सुधार के लिए काम कर रहे हैं.

उन्­होंने कहा, ” मोदी सरकार व योगी सरकार पूरी ईमानदारी से मुस्लिम समाज की तरक्की के लिए काम कर रही है. इसी को लेकर विपक्षी दल परेशान हैं और भाजपा को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं.” अंसारी ने कहा, ” हमें पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं जो मुस्लिम समाज को वोट बैंक की दृष्टि से नही देखते हैं.” उन्होंने कहा कि पसमांदा मुस्लिम ने लोकसभा के आजमगढ़ व रामपुर के उपचुनावों व रामपुर और स्वार के विधानसभा उप चुनावों के जरिए स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं.

अंसारी ने भाजपा सरकार में मुस्लिम समाज के साथ भेदभाव व उनके साथ ज्यादती करने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में मुस्लिम समाज की तरक्की के लिए काम देखकर विपक्षी दल परेशान हैं और भाजपा को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं.
मंत्री ने कहा, “आम मुसलमान जानता है कि सपा , बसपा व कांग्रेस ने उसे केवल वोट बैंक के रूप में देखा है . मुस्लिम समाज को विकास से दूर रखा है. मुस्लिम समाज के विकास व रोजगार के साथ ही अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में कोई काम नहीं किया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu