पति ने अलग रह रही पत्नी और उसके परिजनों को आर्सेनिक देकर मारने की कोशिश की; सास की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 08:58 PM
पति ने अलग रह रही पत्नी और उसके परिजनों को आर्सेनिक देकर मारने की कोशिश की; सास की मौत
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. ब्रिटेन में फार्मासिस्ट का काम करने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति ने अलग रह रही पत्नी और उसके परिवार को कथित रूप से आर्सेनिक जहर देकर उनकी हत्या करने की योजना बनायी और उनके घर के नमक और मिर्च पाउडर में आर्सेनिक मिला दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्य बीमार हो गए और फार्मासिस्ट की सास (60) की जून में इलाज के दौरान मौत हो गई. उसने बताया कि घरेलू समस्या के कारण तलाक की नोटिस भेजने वाली पत्नी से फार्मासिस्ट नाराज था. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पत्नी द्वारा मियापुर थाने में दी गई तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के मित्रों और उसकी पत्नी (शिकायतकर्ता) के रिश्तेदार सहित छह लोगों को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया, जबकि फार्मासिस्ट फरार है.

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता और फार्मासिस्ट का विवाद 2018 में हुआ. दोनों का यह दूसरा विवाह है. पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विवाह के बाद पति-पत्नी शहर में ही रह रहे थे, लेकिन कुछ ही दिनों में आरोपी ने अपनी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. विज्ञप्ति के अनुसार, बाद में आरोपी ब्रिटेन चला गया और पत्नी से उसकी देखभाल का वादा करके वहां आने को कहा.

पुलिस ने बताया कि पत्नी भरोसा करके अपनी बेटी के साथ ब्रिटेन चली गयी लेकिन वहां कुछ दिनों में आरोपी से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. उसने बताया, इन घटनाओं के बाद ब्रिटेन में महिला अपने पति से अलग रहने लगी और घर छोड़ने के बाद उसने पति को तलाक का नोटिस भेजा. पुलिस ने बताया कि महिला के भाई का विवाह तय होने के बाद वह जून में हैदराबाद स्थित अपने घर आयी जहां उसके सभी रिश्तेदार भी जमा हुए थे. इस विवाह में शामिल होने के लिए फार्मासिस्ट भी हैदराबाद आया.

प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने बताया कि महिला के रिश्तेदारों को दस्त, उल्टियां और पेट में दर्द की परेशानी होने लगी. महिला की मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां जून में उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि बाद में घर में रह रहे महिला के भाई, पिता, भाभी को भी जुलाई में यही परेशानी हुई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस ने बताया कि हाल ही में महिला और उसकी बेटी को भी दस्त की समस्या होने लगी जिसके बाद दोनों मां-बेटी इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के एक डॉक्टर के पास गए जिसने उन्हें आर्सेनिक के जरिए जहर दिए जाने की पुष्टि की. पुलिस ने बताया कि महिला के घर में भोजन करने वाले उसके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की जांच की गई जिसमें उनके शरीर में भारी मात्रा में आर्सेनिक होने की पुष्टि हुई.

पुलिस ने बताया कि महिला को अपने रिश्तेदार और अपार्टमेंट के चौकीदार के बेटे पर संदेह हुआ और पूछताछ में पता चला कि महिला का पति (आरोपी) उसकी और उसके परिवार क सदस्यों की हत्या करने की मंशा से महिला के रिश्तेदार की मदद से अपने दोस्तों को उसके घर भेजा, जिन्होंने रसोई में रखे नमक और मिर्च पाउडर में आर्सेनिक मिला दिया. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद महिला ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी, लेकिन उस वक्त तक फार्मासिस्ट ब्रिटेन लौट चुका था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu