मुंबई में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में शिरकत करूंगा : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Aug 2023 07:25 PM
मुंबई में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में शिरकत करूंगा : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि वह इस महीने के अंत में मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में शामिल होंगे. एक कार्यक्रम से इतर जब संवाददाताओं ने केजरीवाल से पूछा कि क्या वह मुंबई में विपक्षी दलों की आगामी बैठक में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा, ”मुंबई जाऊंगा. परिणाम आपके साथ साझा करूंगा.” विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली है. अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए गठित विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ की यह तीसरी बैठक होगी.

सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में होने वाली बैठक बेंगलुरु में आयोजित बैठक के प्रारूप में होगी, जिसमें नेता 31 अगस्त को अनौपचारिक बातचीत करेंगे और उसके बाद अगले दिन मुख्य बैठक होगी. बैठक के दौरान, विपक्षी दलों से उम्मीद की जाती है कि वे जितना संभव हो सकेगा अपने मतभेदों को दूर करेंगे, खासकर उन राज्यों में जहां वे सीधे चुनावी मुकाबले में हैं. बैठक की मेजबानी महा विकास आघाड़ी गठबंधन के तीन घटक दलों – कांग्रेस के समर्थन से, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा के शरद पवार गुट द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है.

‘इंडिया’ समूह की पहली बैठक जून में पटना में और दूसरी बैठक पिछले महीने बेंगलुरु में हुई थी. बेंगलुरु में आयोजित बैठक में, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 26 दलों की लगभग चार घंटे तक चली बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन के नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि समन्वय के लिए 11 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी और मुंबई में अगली बैठक में एक संयोजक का चयन किया जाएगा.

विपक्षी गठबंधन में शामिल 26 विपक्षी दलों में: कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक, आम आदमी पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), शिवसेना (यूबीटी), समाजवादी पार्टी, नेशनल कान्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल, एमडीएमके, कोंगुनाडु मक्कल देसिया काची (केएमडीके), वीसीके, आरएसपी, माकपा-माले (लिबरेशन), फॉरवर्ड ब्लॉक, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (जोसेफ), केरल कांग्रेस (मणि), अपना दल (कामेरावादी) और मनितानेया मक्कल कात्ची (एमएमके) शामिल हैं.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu