जम्मू/चंडीगढ़. जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराकर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. थलसेना के प्रवक्ता के मुताबिक, मारे गये आतंकवादियों के शवों को बरामद नहीं किया जा सका क्योंकि सेना के साथ हुई मुठभेड़ में आई चोटों के चलते दम तोड़ने से पहले वे नियंत्रण रेखा के पार भागने में सफल रहें.
उन्होंने बताया कि एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन, 30 कारतूस, दो हथगोले और पाकिस्तान में निर्मित कुछ दवाइयां बालाकोट सेक्टर के मुठभेड़ स्थल से बरामद की गई. जम्मू में तैनात रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि कई एजेंसियों और पुलिस से मिली खुफिया सूचनाओं से एलओसी के उस पार इंतजार कर रहे आतंकवादियों की मौजूदगी का खुलासा हुआ. इन सूचनाओं के आधार पर निगरानी तंत्र को चौकन्ना किया गया.
उन्होंने कहा, ”सतर्क सैनिकों ने दो पाकिस्तानी आतंकियों के एलओसी पार कर भारतीय सीमा के अंदर घुसने की कोशिश करने का पता लगाया. उनके आगे बढ़ने पर उन्हें चुनौती दी गई और फिर मुठभेड़ हुई.” उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक चौकन्ना हैं और सीमा पार से घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए निगरानी कर रहे हैं.
पंजाब में बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पाकिस्तानी तस्कर पकड़े, 29 किलोग्राम हेरोइन बरामद
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पाकिस्तानी तस्करों को पकड़ा और उनके पास से 29 किलोग्राम हेरोइन बरामद की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने खतरे को भांपते हुए तस्करों पर गोली चलाई, जिससे एक तस्कर को गोली लगी.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाकिस्तान के कसूर जिले के कंगनपुर गांव निवासी मुहम्मद अजमल रियान और अलीपुर गांव निवासी सिवना के तौर पर की गई है. बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने रविवार- सोमवार की दरिमयानी रात दो बजकर करीब 45 मिनट पर पाकिस्तानी तस्करों की गतिविधि देखी.
उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को बीएसएफ तथा पंजाब पुलिस गट्टी मटर गांव के पास सतलुज नदी के किनारे एक संयुक्त अभियान चला रही थी. अधिकारी के अनुसार, तस्करों के पास से हेरोइन के 26 पैकेट (29.26 किलोग्राम) बरामद हुए. उन्होंने बताया कि घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके हाथ में गोली लगने से चोट आई है और उसका उपचार किया जा रहा है.
डीजीपी यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस ने अगस्त में हेरोइन की आठ खेप पकड़ी है. उन्होंने बताया कि इसी के साथ गत 20 दिन में 142 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है. विशेष डीजीपी आर एन ढोके ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा इकाई ने इस साल जनवरी से अबतक 193 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है. पुलिस ने बताया कि इस महीने लुधियाना से आठ किलोग्राम हेरोइन, तरन-तारन से पांच किलोग्राम, अमृतसर से कुल 93 किलोग्राम (अलग-अलग खेप में क्रमश: 12 किलोग्राम, 77 किलोग्राम और चार किलोग्राम) हेरोइन जब्त की गई है.