हैदराबाद में किशोरी से सामूहिक बलात्कार, राज्यपाल सौंदरराजन ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Aug 2023 09:04 PM
हैदराबाद में किशोरी से सामूहिक बलात्कार, राज्यपाल सौंदरराजन ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ उसके घर पर तीन व्यक्तियों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया. इसके खिलाफ लोगों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की. वहीं, तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने राज्य के मुख्य सचिव समेत शीर्ष अधिकारियों से 48 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी.

पुलिस ने आज बताया कि लड़की ने मीरपेट पुलिस थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में तीन व्यक्तियों को नामजद करते हुए उन पर सोमवार को उसके घर पर उससे बलात्कार करने का आरोप लगाया. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किशोरी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई हैं. उन्होंने बताया कि लड़की को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है.

अधिकारी ने कहा, ”पुलिस दल काम पर लगे हुए हैं और विभिन्न सुराग पर काम कर रहे हैं. पुलिस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.” इस बीच, स्थानीय निवासियों और विभिन्न दलों के नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए इलाके में विरोध प्रदर्शन किया और किशोरी के लिए न्याय की मांग की. प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इस अपराध में गांजा पीने वाले व्यक्ति शामिल थे.

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ली हुई थीं, जिन पर लिखा था, ‘न्याय? गांजे पर रोक लगाओ, नशा बंद करो. प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी भी की. बाद में उन्हें पुलिस वहां से ले गई. कुछ स्थानीय निवासियों ने इस अपराध के दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग की. राज्यपाल सौंदरराजन ने किशोरी के साथ कथित बलात्कार पर पीड़ा व्यक्त की और राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस आयुक्त, रचकोंडा से 48 घंटे के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी.

राजभवन की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसके अलावा, राज्यपाल ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस), रंगा रेड्डी जिला शाखा को पीड़िता के घर जाने और उसके परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद ए रेवंत रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव हैदराबाद को एक वैश्विक शहर बनाने का दावा करते हैं लेकिन यह ‘गांजा’ और अन्य नशीले पदार्थों का अड्डा बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया और लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu