भीलवाड़ा. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों के नए गठबंधन ‘इंडिया’ से केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार घबरा गई है इसलिए वह ‘इंडिया-भारत’ जैसी बातों से लोगों को भ्रमित कर रही है.
खरगे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने गरीबों को तबाह कर दिया है और अब उनके शरीर से सिर्फ खून निकलना बाकी है.
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के पास न तो गरीबों के लिए कोई योजना है और न ही उनके लिए काम करने का हौसला. खरगे ने कहा ”वे कुछ नहीं करेंगे सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे.” इसके साथ ही खरगे ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए इसे गरीब कल्याण व सामाजिक न्याय का ‘बेहतरीन मॉडल’ बताया और लोगों से गहलोत सरकार को दोबारा सत्ता में लाने की अपील की. खरगे भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
विपक्षी दलों के नए गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलांयस’ (इंडिया) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”सर्वदलीय बैठक में हमने सबको मिलाकर… जो हमारे समान दृष्टि से सोचने वाले लोग हैं, उनको मिलाकर हमने एक मजबूत गठबंधन बनाया. उसका नाम रखा गया ‘इंडिया’. ‘इंडिया’ को देखते ही वे (भाजपा वाले) घबरा रहे हैं.”
उन्होंने दावा किया कि अब वह कह रहे हैं कि देश को ‘इंडिया’ नहीं बोलो और इसका नाम ‘भारत’ रख दो. खरगे ने कहा, “संविधान में है कि ‘इंडिया’ यानी भारत. ये दोनों शब्द (संविधान में) हैं. आपको इसपर क्या एतराज है?” कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ”भारत जोड़ो” यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”हम भारत जोड़ो पहले ही बोल रहे हैं. लेकिन आप क्या नया लाने की कोशिश कर रहे हैं? हमने तो ये संदेश 4500 किलोमीटर तक फैलाया कि भारत जोड़ो.”
उन्होंने भाजपा पर लोगों को भ्रमित करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘हम भारत जोड़ो बोलते हैं तो वे हमेशा यह कहते हैं कि भारत तोड़ो.’ भीलवाड़ा में मेमू रेल कोच फैक्ट्री योजना को केंद्र सरकार द्वारा रोके जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”ये मोदी की सरकार कहीं किसी को ऊपर आने नहीं देती और जो कांग्रेस ने पहले किया है उसको मिटाने में उन्हें खुशी होती है. जो चीजें हमने कीं, उन्हें वहीं रोक दिया गया है. उनके पास न योजना है न गरीबों के लिए काम करने का हौसला है न गरीब के लिए नई योजना लाने की उनकी फितरत है. वे कुछ नहीं करेंगे, सिर्फ कांग्रेस को गालियां देते जाएंगे.” खरगे ने कहा कि कांग्रेस कभी झूठ नहीं बोलती बल्कि उसका हर काम लोगों को मजबूत करने वाला रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदान का रहा है जबकि भाजपा का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा.
खरगे ने कहा, ”देश को आजाद कराने वाले भी हम हैं, देश को बचाने वाले भी हम हैं, जान देने वाले भी हम हैं. देश की आजादी के लिए भाजपा वालों ने क्या कुछ किया है? हमारे कांग्रेस के नेता जेल गए, जेल में मरे, आजादी के लिए लड़े… मुझे बताइए कि जनसंघ के लोग और आज के भाजपा के लोग और आरएसएस के लोग …कितने लोग मरे, कितने लोग जेल गए? जरा हिसाब दें.” कांग्रेस नेता ने कहा, ” आपमें (भाजपा में) से देश की आजादी के लिए कोई नहीं लड़ा, देश एक रखने के लिए कोई नहीं लड़ा. फिर आप हमें गालियां देकर ऊपर आना चाहते हो.”
उन्होंने कहा, ”गांधी परिवार देश की आजादी और एकता के लिए अब तक बलिदान देता आया है ..आपके पास कोई नहीं है. आप तो बोलने के भी हकदार नहीं हैं.” गांधी परिवार पर भाजपा नेताओं के हमलों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनीं और उन्होंने मनमोहन सिंह को मौका दिया जबकि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश की एकता के लिए अपनी जान दे दी.
खरगे ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन महीनों तक चला और आंदोलन के दौरान 750 किसानों की मौत हो गई लेकिन इन्होंने किसानों की तरफ देखा तक नहीं. उन्होंने 2021 में (उत्तर प्रदेश के) लखीमपुर खीरी में किसानों पर गाड़ी चढ़ाने की घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक मंत्री के बेटे ने अपनी जीप से किसानों को कुचल दिया लेकिन वह मंत्री अब भी सरकार में हैं.
उन्होंने भाजपा पर चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने का भी आरोप लगाया और कहा, “लोकतंत्र में जो लोगों की तरफ से चुनकर आते हैं उनको तोड़ फोड़कर आप सरकार बनाते हो और ऊपर से नीति की बात करते हो.” खरगे ने कहा कि गनीमत है कि गहलोत ने अपनी सरकार को बचा लिया नहीं तो यह भी चली जाती.
उन्होंने कहा, “राज्य सरकार द्वारा इतना काम करने के बाद भी हमको डराने की कोशिश की जाती है. कहा जाता है कि मेरे पास लाल डायरी, पीली डायरी, काली डायरी है… क्या क्या बोलते हैं.” उन्होंने कहा कि अपनी डायरियां अपने पास रखें. कांग्रेस नेता ने कहा, ” अगर कुछ है तो दिखा दो. हम अदालत में लड़ेंगे. लोगों को सच बताएंगें, (लेकिन हमें) डराने की कोशिश मत करो.”
उन्होंने कहा, ”कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसलिए कहा है, डरो मत. डर गए तो मर गए.” प्रदेश मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए गए राजेंद्र गुढ़ा ने अपने पास एक कथित ‘लाल डायरी’ होने का दावा किया था और कहा था कि इसमें अवैध वित्तीय लेनदेन दर्ज हैं और इसमें मुख्यमंत्री गहलोत सहित कई नेताओं के नाम हैं. भाजपा ने इसको लेकर गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.
खरगे ने प्रदेश के नेताओं से कहा, ” कांग्रेस में सब मिलकर लड़ते हैं लेकिन ‘कैप्टन’ एक ही होता है. आज काम मुख्यमंत्री (गहलोत) के नेतृत्व में हो रहे हैं और सभी लोगों को इसमें मदद करनी चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि कांग्रेस की सरकार फिर आई तो सभी सुखी व समृद्ध बनेंगे. यह संदेश आपको देना है.” राज्य सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान गरीब कल्याण व सामाजिक न्याय का बेहतरीन मॉडल है.
उन्होंने कहा, “आप एक होकर फिर से कांग्रेस को वापस लाइए, जिताइए आपको आज जो सहूलियत मिल रही है उससें भी अधिक सहूलियत आपको दिलाएंगे यह हमारा आपसे वादा है.” राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों का महागठबंधन बनने से केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) घबरा गया है.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्राएं ‘फ्लॉप’ (असफल) हो रही हैं. इस अवसर पर गहलोत ने ‘मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना’ की शुरुआत की. इस योजना के तहत प्रति परिवार दो दुधारू पशुओं का 40-40 हजार रुपये का नि?शुल्क बीमा किया जा रहा है. इसमें प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा. इस दौरान इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना में 18.33 लाख लाभार्थियों को जुलाई माह की 77.68 करोड़ रुपये की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 173 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की गई.
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे. हालांकि पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे. पायलट ने रैली शुरू होने से पहले राजस्थान में खरगे के स्वागत करते हुए एक पोस्ट सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की थी.