जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली में एकत्र हुए विश्व के नेता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 10:30 PM
जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली में एकत्र हुए विश्व के नेता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत कई नेता जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार को यहां पहुंचे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह अगले दो दिन में इन नेताओं के साथ सार्थक चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं. मोदी ने शुक्रवार शाम को बाइडन, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं.

मोदी और बाइडन ने जून में प्रधानमंत्री की वाशिंगटन की राजकीय यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों पर हुई प्रगति की समीक्षा की.
नेताओं का स्वागत विभिन्न मंडलियों द्वारा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ किया गया और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने हवाई अड्डे पर संगीत की धुन पर नृत्य किया. जॉर्जीवा ने यहां पहुंचने पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया. प्रधानमंत्री मोदी ने उसके जवाब में कहा कि जॉर्जीवा ने यहां पहुंचने के बाद भारत की संस्कृति के प्रति जो लगाव दिखाया, उसकी वह सराहना करते हैं.

इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का हवाई अड्डे पर क्रमश? केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे और दर्शना जरदोश ने स्वागत किया. सुनक का स्वागत केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने किया जबकि अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज का स्वागत केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया.

कोमोरोस के राष्ट्रपति अजाली असौमानी भी यहां पहुंचे और उनका जोरदार स्वागत किया गया. वह अफ़्रीकी संघ के अध्यक्ष भी हैं.
शिखर सम्मेलन के लिए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी दिल्ली पहुंचे. ओमान के उप प्रधानमंत्री सैय्यद फहद बिन महमूद अल सैद के आगमन पर अश्विनी चौबे ने उनका स्वागत किया. इस दौरान सैद ने सांस्कृतिक समूहों की नृत्य प्रस्तुति देखी.

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी यहां पहुंचे और उनका शानदार स्वागत किया गया.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस भी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे. संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे विश्वास है कि हमारे मेहमान भारतीय आतिथ्य का गर्मजोशी का आनंद लेंगे.” उन्होंने कहा, “मैं दोस्ती और सहयोग के बंधन को और प्रगाढ़ बनाने के लिए कई नेताओं और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करूंगा.” जी20 नेता यहां नौ और 10 सितंबर को समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. भारत वर्तमान जी20 अध्यक्ष के रूप में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है.

प्रभावशाली समूह के नेताओं का हवाई अड्डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ स्वागत किया जा रहा है. अपनी जी20 अध्यक्षता के तहत भारत समावेशी विकास, डिजिटल नवाचार, जलवायु लचीलापन और न्यायसंगत वैश्विक स्वास्थ्य पहुंच जैसे विभिन्न मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.

जी20 के सदस्य देश वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई प्रतिनिधित्व करते हैं. समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu