भारत ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 09:40 PM
भारत ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन से पहले अपनी पहली द्विपक्षीय बैठक में शुक्रवार को यहां मॉरीशस के अपने समकक्ष प्रविंद जगन्नाथ से बातचीत की और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और मेरी बहुत अच्छी मुलाकात हुई. यह भारत-मॉरीशस के संबंधों के लिए विशेष वर्ष है, क्योंकि हमारे कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हुए हैं. हमने अवसंरचना, फिनटेक, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श किया. ग्लोबल साउथ की आवाज आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई.”

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ से मुलाकात की. मॉरीशस भारत के विजन सागर में प्रमुख साझेदार है. दोनों नेताओं ने उत्साह के साथ भारत-मॉरीशस द्विपक्षीय संबंध के महत्वपूर्ण विस्तार को रेखांकित किया.” जगन्नाथ जी20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे और नई दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया.

प्रधानमंत्री मोदी अगले तीन दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें कर सकते हैं. मोदी शनिवार को ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों के अलावा जी20 के सत्रों में शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार, रविवार को वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ दोपहर के भोजन पर बैठक करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu