वडोदरा. ‘इंडिया बनाम भारत’ पर छिड़ी बहस की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने रविवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के नाम का ‘राजनीतिकरण’ करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी ‘विभाजनकारी’ राजनीति का मुकाबला करेगी. कांग्रेस के गुजरात प्रभारी वासनिक ने अपने दौरे के दूसरे दिन कहा कि पार्टी हर स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और वरिष्ठ नेता, युवा नेता और पार्टी कार्यकर्ता फिर से उठ खड़े होने की इस कवायद में भाग ले रहे हैं.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”इंडिया और भारत में कोई अंतर नहीं है– एक अंग्रेजी शब्द है और दूसरा हिंदी शब्द है. लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज देश के नाम का उपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए हो रहा है. मुझे यकीन है कि देश के लोग बहुत अच्छे से समझ रहे हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है.” राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि कुछ लोग देश के नाम का ”राजनीतिकरण” करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, कांग्रेस उन लोगों का मुकाबला कर रही है जो ”भारत को तोड़ने, समुदायों को विभाजित करने और राजनीति में नफरत पैदा करने” की कोशिश कर रहे हैं.
वासनिक ने कहा, ”हम पूरे देश को आश्वासन देते हैं कि भारत को बर्बाद करने के बड़े प्रयासों के बावजूद, कांग्रेस राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में अपनी खोई हुई स्थिति वापस पाने की पूरी कोशिश करेगी.” उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के बारे में भी बात की और दावा किया कि देश भर में इतनी लंबी पदयात्रा पहले कभी नहीं की गई. वासनिक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि वह विपक्ष को दरकिनार कर ”भारतीय लोकतंत्र को नयी परिभाषा” देने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”उन्हें यह एहसास नहीं है कि लोकतंत्र में विपक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि सत्ता पक्ष. लोकतंत्र विचारों के आदान-प्रदान में विश्वास करता है. अगर हम विचारों का आदान-प्रदान नहीं करते हैं और उन्हें दबा दिया जाता है, तो क्या भारतीय राजनीति में केवल एक ही विचार होना चाहिए? … लोकतंत्र इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा..” अपने गुजरात दौरे के बारे में वासनिक ने कहा कि उन्होंने राज्य के वरिष्ठ पार्टी नेताओं और समन्वय समिति के सदस्यों से मुलाकात की है और निकट भविष्य की गतिविधियों के बारे में विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की है.