प.बंगाल: केरल से लौटे युवक को निपाह वायरस के लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 20 Sep 2023 03:03 PM
प.बंगाल: केरल से लौटे युवक को निपाह वायरस के लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया
ऑडियो सुनें

कोलकाता: हाल ही में केरल से लौटे पश्चिम बंगाल के एक युवक को निपाह वायरस संक्रमण के लक्षणों के साथ कोलकाता के बेलियाघाटा आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बर्धमान निवासी युवक को तेज बुखार, मतली और गले में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह केरल में प्रवासी श्रमिक के रूप में काम कर रहा था।

उनके परिवार के एक सदस्य ने कहा कि संक्रमण की पुष्टि के लिए आवश्यक परीक्षण अभी तक नहीं किया गया है। युवक की उम्र करीब 20 वर्ष है। अधिकारी ने कहा, “वह केरल से लौटा है जहां निपाह वायरस संक्रमण के कई मामले सामने आए हैं। इसलिए, हम कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। डॉक्टर उस पर कड़ी नजर रख रहे हैं।”

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा कि मरीज को तेज बुखार की शिकायत के बाद शुरुआत में केरल के एर्नाकुलम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा, “अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह पश्चिम बंगाल लौट आया। लेकिन कुछ ही दिनों में वह फिर से बीमार पड़ गया। उसे पहले नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल और फिर बेलियाघाटा आईडी हॉस्पिटल ले जाया गया।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav